Alwar News: अमित शाह ने अलवर में किया 6,453 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
Alwar News: अमित शाह ने अलवर में किया 6,453 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
छोटा अखबार।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के अलवर में प्रदेश को विकास की सौगात दी है। उन्होंने राज्य के 17 जिलों के लिए कुल 6 हजार 453 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अपने संबोधन में गृह मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की डबल इंजन सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए किसानों, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री के विजन की जमकर सराहना की। उन्होने कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में देश और प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र को एक नई ऊर्जा और दिशा मिल रही है। और 'सहकार से समृद्धि' के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सहकारिता आंदोलन अब सीधे तौर पर ग्रामीण विकास व किसानों की खुशहाली का माध्यम बन रहा है। इस दौरान मंच से सहकारिता के ढांचे को डिजिटल और आधुनिक बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान के डेयरी क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। गृह मंत्री अमित शाह ने अलवर सरस डेयरी के नवीन अत्याधुनिक प्लांट का शिलान्यास किया और प्रदेश के विभिन्न दुग्ध संघों के नए डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट और कैटल फीड (पशु आहार) प्लांट का लोकार्पण भी किया। इन नए प्लांटों के शुरू होने से न केवल दुग्ध उत्पादक किसानों को अपनी उपज का सही मूल्य मिलेगा, बल्कि उपभोक्ताओं तक उच्च गुणवत्ता वाले डेयरी उत्पाद भी पहुंचेंगे और कैटल फीड प्लांट से पशुपालकों को उचित मूल्य पर पौष्टिक पशु आहार आसानी से मिल सकेगा।
किसानों को बैंकिंग सेवाओं से सीधे जोड़ने और वित्तीय मदद आसान बनाने के लिए कार्यक्रम में कई बड़े ऐलान किए गए। गृह मंत्री ने राज्य में नए केंद्रीय सहकारी बैंकों के गठन की आधिकारिक घोषणा की। इससे ग्रामीण इलाकों में बैंकिंग नेटवर्क मजबूत होगा। वहीं केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना' और 'पीएम किसान सम्मान निधि' के तहत मिलने वाली राशि को सीधे किसानों के खातों में डिजिटल माध्यम से ट्रांसफर किया गया। इस कदम से हजारों किसानों को बिना किसी बिचौलिए के सीधे आर्थिक लाभ मिला।
विकास कार्यों के साथ-साथ यह कार्यक्रम युवाओं के लिए भी नई उम्मीदें लेकर आया। कार्यक्रम स्थल पर 'रोजगार उत्सव' का विशेष आयोजन किया गया। इस उत्सव के अंतर्गत विभिन्न सरकारी विभागों में नवनियुक्त हुए कार्मिकों को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हाथों नियुक्ति पत्र सौंपे गए। गृह मंत्री ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से युवाओं को रोजगार देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अपने संबोधन के समापन में अमित शाह ने कहा कि 17 जिलों को कवर करने वाली यह 6,453 करोड़ रुपये की योजनाएं राजस्थान के विकास की तस्वीर बदलेंगी। बुनियादी ढांचे, कृषि, सहकारिता और रोजगार के क्षेत्रों में किया गया यह निवेश आने वाले समय में राज्य को आत्मनिर्भर और अग्रणी बनाने में मदद करेगा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इन सभी परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा कर जनता को इसका पूरा लाभ पहुंचाएगी और यह जनसभा राजस्थान के विकास इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी।

Comments