Jaipur News: सूचना एवं जनसंपर्क कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री पाठक हुये सेवानिवृत्त
Jaipur News: सूचना एवं जनसंपर्क कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री पाठक हुये सेवानिवृत्त
छोटा अखबार।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) के संस्थापन अधिकारीगण गोपाल स्वरूप पाठक और घनश्याम चेजारा को मंगलवार को उनकी सेवानिवृत्ति पर विभाग की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर डीआईपीआर मुख्यालय में एक विशेष विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनसंपर्क आयुक्त राकेश शर्मा और अतिरिक्त निदेशक डॉ. गोरधन लाल शर्मा ने दोनों अधिकारियों को माल्यार्पण कर, साफा पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना की। श्री पाठक ने विभाग में 33 वर्ष और श्री चेजारा ने 38 वर्ष की लंबी और सराहनीय सेवा पूरी की है। सभी वक्ताओं ने उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों को याद किया और उनके बेहतर स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस गरिमामय विदाई कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इनमें संयुक्त निदेशक मनमोहन हर्ष, जसराम मीणा और सुश्री क्षिप्रा भटनागर, उप निदेशक विजय खण्डेलवाल और सहायक निदेशक श्रीमती कविता जोशी सहित कई अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक घोषणा भी की गई। सूचना एवं जनसंपर्क कर्मचारी संघ के निवर्तमान अध्यक्ष श्री पाठक ने अपनी सेवानिवृत्ति को देखते हुए संगठन की नई व्यवस्था की घोषणा की। उन्होंने श्री रवि पारीक को कार्यवाहक संरक्षक, जबकि श्री अनिल सोनी और श्री महेन्द्र कुमार को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान सभी अधिकारियों और साथी कर्मचारियों से मिले सहयोग व समर्थन के लिए दिल से आभार व्यक्त किया। संपूर्ण डीआईपीआर परिवार ने दोनों अधिकारियों को नम आंखों से विदा किया।

Comments