C M NEWS: ऐतिहासिक यमुना जल समझौते के बाद जयपुर में सीएम भजनलाल शर्मा का भव्य स्वागत
C M NEWS: ऐतिहासिक यमुना जल समझौते के बाद जयपुर में सीएम भजनलाल शर्मा का भव्य स्वागत
छोटा अखबार।
हरियाणा के साथ हुए ऐतिहासिक यमुना जल परियोजना समझौते (MoA) के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर आगमन पर उत्सव जैसा माहौल देखा गया। जयपुर एयरपोर्ट से लेकर मुख्यमंत्री निवास तक आमजन, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के जनसैलाब ने विभिन्न स्थानों पर फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ मुख्यमंत्री का अभूतपूर्व व भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए प्रदेश की आठ करोड़ जनता की ओर से बधाई दी। उन्होंने कहा कि यमुना जल परियोजना के इस नए एमओए से 29 जून का दिन राजस्थान के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है। दशकों से लंबित इस जल संकट के समाधान से अब शेखावाटी क्षेत्र के भाग्य के द्वार खुलेंगे।
शेखावाटी की धरती उगलेगी सोना—
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस एमओए के माध्यम से झुंझुनूं, चूरू और सीकर जिलों में यमुना का मीठा पानी पहुंचेगा। पानी आने से शेखावाटी की वीर और उद्यमी धरती अब सचमुच 'सोना उगलेगी'। उन्होंने रेखांकित किया कि पर्याप्त जल मिलने से न केवल पेयजल संकट दूर होगा, बल्कि क्षेत्र में कृषि, पर्यटन और उद्योगों को भारी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों में बड़ी वृद्धि होगी।
विपक्ष पर साधा निशाना—
अपने संबोधन के दौरान सीएम शर्मा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी कहते हैं कि वह आलू से सोना बनाएंगे। मैंने शेखावाटी के लोगों से स्पष्ट कहा था कि हम ऐसा चमत्कार तो नहीं कर सकते, लेकिन हम आपके लिए यमुना का पानी जरूर लेकर आएंगे। अब जब पानी आ रहा है, तो हमारा मेहनती किसान अपनी फसलों के दम पर धरती से जरूर सोना पैदा करके दिखाएगा।" इस ऐतिहासिक निर्णय को लेकर पूरे प्रदेश के किसानों और जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Comments