C M NEWS: लोकमंथन-2026: वैचारिक और सांस्कृतिक चेतना का महाकुंभ, राजस्थान सरकार देगी हरसंभव सहयोग
C M NEWS: लोकमंथन-2026: वैचारिक और सांस्कृतिक चेतना का महाकुंभ, राजस्थान सरकार देगी हरसंभव सहयोग
छोटा अखबार।
राजस्थान के जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में 'लोकमंथन-2026' के कर्टन रेजर (शुभारंभ) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान शक्ति, भक्ति, विचार, वीरता, संस्कृति और अनूठी लोक परंपराओं की पावन धरती है। ऐसे में प्रदेश की इस समृद्ध ऐतिहासिक भूमि पर राष्ट्रीय चेतना के प्रमुख माध्यम 'लोकमंथन' के पांचवें संस्करण का आयोजन होना पूरे प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने आयोजन को लेकर अपनी कटिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। यह मंच 'राष्ट्र सर्वोपरि' और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना से ओतप्रोत विचारकों, लोक कलाकारों, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं, कारीगरों और युवाओं को एक अनूठा साझा मंच प्रदान करेगा। इसके माध्यम से देश के बौद्धिक और सांस्कृतिक विमर्श को एक नई दिशा मिलेगी।
दिसंबर में होगा मुख्य आयोजन—
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम आगामी 4, 5 और 6 दिसंबर को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। इस महामंच का उद्देश्य भारतीय लोक कला, संस्कृति, संत परंपरा और लोक ज्ञान को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाना है।
वेबसाइट और पुस्तक का विमोचन—
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने लोकमंथन-2026 की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया और साथ ही 'फोक से परे लोक' नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। इस दौरान प्रदेश के लोक कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई गणमान्य शिक्षाविद व संस्कृति विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Comments