Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा में जुटे दो राज्यों के अध्यक्ष, हरविंद्र कल्याण ने देवनानी के 'नवाचारों' को सराहा
Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा में जुटे दो राज्यों के अध्यक्ष, हरविंद्र कल्याण ने देवनानी के 'नवाचारों' को सराहा
छोटा अखबार।
राजस्थान विधानसभा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण और गरिमामयी संसदीय शिष्टाचार भेंट देखने को मिली। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सदन में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण का आत्मीय स्वागत और अभिवादन किया। इस मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के विधायी अनुभवों और संसदीय लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर सार्थक चर्चा हुई।
स्मृति चिह्नों का आदान-प्रदान और स्वागत—
श्री देवनानी ने हरियाणा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान स्मृति-स्वरूप कई महत्वपूर्ण विधायी दस्तावेज साझा किए गए:"दो वर्ष नवाचार" पुस्तक: श्री देवनानी ने अपने कार्यकाल के अभिनव प्रयोगों पर आधारित पुस्तक की प्रति सौंपी।
संसदीय नियमावली व प्रकाशन—
राजस्थान विधानसभा के लोगो की प्रतिकृति, नियमावली और विधानसभा समितियों से संबंधित विशेष प्रकाशन भेंट किए गए।
हरियाणा विधानसभा का योगदान—
जवाबी शिष्टाचार में हरविंद्र कल्याण ने भी श्री देवनानी को हरियाणा विधानसभा की नियमावली और विधायी समितियों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रकाशनों की प्रतियां भेंट कीं।
सदन और राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का दौरा—
मुलाकात के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने श्री कल्याण को राजस्थान विधानसभा के मुख्य सदन, ऐतिहासिक भवन और नव-निर्मित राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का विस्तृत अवलोकन कराया। श्री कल्याण ने राजस्थान की लोकतांत्रिक और गौरवशाली संसदीय विरासत को बेहद करीब से देखा।
राजस्थान के नवाचार अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय—
हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष ने राजस्थान विधानसभा भवन की आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं और सदन की अनुशासित कार्यप्रणाली की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि श्री देवनानी के नेतृत्व में राजस्थान में जो भी डिजिटल और विधायी नवाचार हुए हैं, वे अन्य राज्यों के विधानमंडलों के लिए भी बेहद अनुकरणीय और प्रेरणादायक हैं।

Comments