Rajasthan News: अस्पतालों में रेफरल सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में सेतु एप का होगा उपयोग —प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य
Rajasthan News: अस्पतालों में रेफरल सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में सेतु एप का होगा उपयोग —प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य
छोटा अखबार।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने मंगलवार को स्वास्थ्य भवन में आयोजित एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान मातृ मृत्यु के मामलों में अधिकारियों से विस्तार में संवाद किया। उन्होने रेफरल सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आईएचएमएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से तैयार किया गया ऑनलाइन सेतु एप को जिला अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और एम्बुलेंस में उपयोग लेने के निर्देश दिए और कहा कि इस सेतु एप के माध्यम से रेफरल होने के बाद उच्च चिकित्सा संस्थान में पूर्व में ही आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा सकेंगी व क्यूआर कोड के माध्यम से रेफर संस्थान को मरीज के पहुंचने से पूर्व ही मरीज की रिपोर्ट प्राप्त होगी, जिससे इलाज की तैयारी पूर्व में हो सके।
श्रीमती राठौड़ ने संबंधित चिकित्सकों के साथ उपचार व्यवस्था और प्रोटोकॉल पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सा संस्थान स्तर पर संबंधित चिकित्सा प्रभारी व ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी द्वारा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, हाइपर टेंशन, वजन और आवश्यकतानुसार सोनोग्राफी जांच सुनिश्चित की जाए।
उन्होने प्रसव पूर्व जांच सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए संस्थान स्तर पर आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस अभियान में प्रत्येक गर्भवती महिला की हर महीने में स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए।वहीं उन्होंने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की जांच और सघन मॉनिटरिंग करते हुए सुरक्षित प्रसव पर विशेष बल दिया।
इस दौरान प्रमुख शासन सचिव ने बीकानेर, उदयपुर, कोटा, जोधपुर, बूंदी, डूंगरपुर, अजमेर और श्रीगंगानगर में दर्ज मातृ मृत्यु के मामलों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों के साथ उपचार व्यवस्था व प्रोटोकॉल पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश देते हुए गैप कम करने को कहा। अलवर सीएमएचओ ने बताया कि अलवर जिले के निजी निशु हॉस्पिटल में अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा प्रसूता की डिलेवरी कराने के मामले में अस्पताल का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है और अस्पताल के संचालक चिकित्सक का आरएमसी रजिस्ट्रेशन और नर्सिंगकर्मियों का आरएनसी निरस्त के लिए लिखा गया है।
प्रमुख शासन सचिव ने प्रदेश में संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्कूलों में 18 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात विकृतियां और बच्चों के विकास में बाधक बनने वाली बीमारियों की स्क्रीनिंग कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन आरबीएसके कार्यक्रम के तहत संचालित टीम स्कूलों में जाकर आवश्यक स्वास्थ्य जांच करेगी और आवश्यकता होने पर रेफरल कार्ड बनाने, फालोअप के साथ ही पीड़ित बच्चे का निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करेगी। इसके लिए उन्होंने दैनिक रूप से निदेशालय स्तर पर रिपोर्ट भेजने के भी निर्देश दिए।
प्रदेश में बरसात के मौसम को देखते हुए श्रीमती राठौड़ ने मौसमी बीमारियां मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और स्क्रबटाइफस जैसी बीमारियों से बचाव और रोकथाम के लिए सेम्पलिंग व सर्विलॉन्स गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए और अस्पतालों में दवाई व चिकित्सकीय उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने अस्पतालों में असुरक्षित या जर्जर कमरों को उपयोग में नहीं लेने के भी निर्देश दिए हैं।

Comments