Rajasthan News: सरकार ने आपणो अग्रणी राजस्थान संकल्प पत्र- 2023 की 73 प्रतिशत योजनाएं की पूरी
Rajasthan News: सरकार ने आपणो अग्रणी राजस्थान संकल्प पत्र- 2023 की 73 प्रतिशत योजनाएं की पूरी
छोटा अखबार।
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने दावा किया है कि आपणो अग्रणी राजस्थान संकल्प पत्र- 2023 की लगभग 73 प्रतिशत योजनाएं धरातल पर साकार सरकार ने पूरी कर दी है। उन्होने कहा है कि आपणो अग्रणी राजस्थान संकल्प पत्र- 2023 लंबित घोषणाओं को शीघ्र ही धरातल पर उतारा जायेगा। श्री बैरवा ने कहा कि संकल्प पत्र की घोषणाएं आमजन के कल्याण और प्रदेश के सर्वागीण विकास को केन्द्र में रखकर की गई हैं। इनके शीघ्र पूरा होने से आमजन को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह योजनाएं विकसित राजस्थान के संकल्प की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पायदान है।
उपमुख्यमंत्री सोमवार को शासन सचिवालय में आपणो अग्रणी राजस्थान संकल्प पत्र- 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति की तृतीय समीक्षा पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने संकल्प पत्र में सम्मिलित विभिन्न घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की और आवश्यक दिशा- निर्देश भी प्रदान किये। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति के बारे में फीडबैक लिया व आगामी कार्य योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। वहीं गत समीक्षा में दिये गए निर्देशों की अनुपालना की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर अद्यतन करें। उन्होंने संकल्प पत्र की लंबित योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों के संबंध में भी अधिकारियों के साथ चर्चा की और उनकी शीघ्र क्रियान्विति के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
डॉ. बैरवा ने कहा कि संकल्प पत्र में किये गए प्रत्येक वादे को प्राथमिकता से शुरू कर निर्धारित समय सीमा में क्रियान्वित किया जाए और योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलम्ब नहीं हो। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लिए भूमि आवंटन के मामलों के निपटारे के लिए संबंधित विभाग साथ मिलकर काम करें, ताकि सभी विकास योजनाएं समय पर शुरू हो सकें और जनता को उनका लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को विभाग के स्तर पर योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिये।
इस दौरान मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने अधिकारियों से कहा कि संकल्प घोषणा पत्र की लगभग 73 प्रतिशत योजनाएं धरातल पर उतर गई हैं। शेष योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं की क्रियान्वयन में एक से अधिक विभाग शामिल हैं, वे आपसी समन्वय से कार्य योजना बनाकर योजनाओं को शीघ्र पूरा करना सुनिश्चित करें। मुख्य सचिव ने मुख्य रूप से ऑटो और टैक्सी चालकों का आयुष्मान भारत, पीएम-जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम- सुरक्षा बीमा योजना आदि योजनाओं के अन्तर्गत 100 प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने पिंक टॉयलेट योजना, शहर में पार्किंग व्यवस्था, सोलर पार्कों की स्थापना, खेल आधुनिकीकरण, खुशीराम बास्केटबॉल अकादमियों की स्थापना, खेलो राजस्थान यूथ गेम्स का आयोजन, झुग्गी झोंपडियों में वाटर एटीएम की स्थापना जैसे विभिन्न घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और इनके समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यह योजनाएं सीधे जनता से जुड़ी हैं। अधिकारी इनकी शीघ्र क्रियान्विति सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को इनका शीघ्र लाभ सुनिश्चित हो सके।

Comments