C M NEWS: मुख्यमंत्री ने गुप्त वृंदावन धाम में किया राधा-कृष्ण शिला का विधिवत पूजन
C M NEWS: मुख्यमंत्री ने गुप्त वृंदावन धाम में किया राधा-कृष्ण शिला का विधिवत पूजन
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को राजधानी जयपुर के जगतपुरा स्थित गुप्त वृंदावन धाम में आयोजित एक भव्य धार्मिक समारोह में शिरकत की। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्ण वैष्णव विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राधा-कृष्ण शिला का विधिवत पूजन किया। हरे कृष्ण मार्ग पर बन रहा यह भव्य मंदिर आने वाले समय में न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था, संस्कृति और अध्यात्म का केंद्र बनने जा रहा है। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मंदिर केवल एक पूजा स्थल नहीं होगा, बल्कि भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ हमारे सनातन संस्कार, शास्त्रों और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन का एक प्रमुख स्तंभ बनकर उभरेगा।
जगतपुरा के गुप्त वृंदावन धाम परिसर में लगभग 6 एकड़ भूमि पर 17 मंजिला भव्य मंदिर और सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। हरे कृष्ण मूवमेंट द्वारा विकसित किए जा रहे इस विशाल मंदिर में अत्याधुनिक तकनीक जैसे प्रोजेक्शन मैपिंग और एक विशाल मेहराबदार चंदोबा शामिल होगा। भगवान की प्रतिमाओं के निर्माण के लिए वर्षों की खोज के बाद मकराना के उच्च गुणवत्ता वाले संगमरमर और भैंसलाना के विशेष काले पत्थरों का चयन किया गया है, जिसका आज मुख्यमंत्री ने पूजन किया।
यह मंदिर 2027 में अक्षय तृतीया (12 मई) के पावन अवसर पर आम श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की योजना है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान शिव के ब्रज आगमन से जुड़े अत्यंत सुंदर पौराणिक प्रसंग को उपस्थित जनसमुदाय के साथ साझा किया। उन्होंने कथा का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार भगवान शिव, प्रभु श्रीकृष्ण के बाल रूप के दर्शन करने के लिए एक साधु का भेष धारण कर ब्रज भूमि पहुंचे थे। मां यशोदा ने शुरुआत में शिवजी के स्वरूप को देखकर उन्हें बालक कृष्ण के दर्शन कराने से मना कर दिया था, लेकिन बाद में मां अन्नपूर्णा की कृपा और प्रभु की इच्छा से शिवजी को साक्षात श्रीकृष्ण के दिव्य दर्शन प्राप्त हुए।
मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा, "इस धाम में पहले से ही श्री कृष्ण और बलराम जी के भव्य दर्शन होते हैं और इस शिला पूजन के बाद अब भक्तों को जल्द ही श्री राधा श्याम सुंदर जी के भी अलौकिक दर्शन सुलभ हो सकेंगे।
सनातन धर्म की महिमा का बखान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति भक्ति, सेवा, त्याग, करुणा और परोपकार की सीख देती है। यह हमें विषम परिस्थितियों में भी सकारात्मक जीवन जीने का सलीका सिखाती है और संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानकर मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने उपस्थित युवाओं और नागरिकों से आह्वान किया कि हम सभी को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों को याद रखते हुए इसी सकारात्मक मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समाज और राष्ट्र हित को सर्वोपरि मानकर देश के विकास में अपना अमूल्य योगदान देने की अपील की।
मंदिर की सेवा गतिविधियों की सराहनाशिला पूजन के मुख्य कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद श्री शर्मा ने संपूर्ण मंदिर परिसर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने गुप्त वृंदावन धाम प्रबंधन और हरे कृष्ण मूवमेंट के पदाधिकारियों से मुलाकात कर मंदिर के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। वही मुख्यमंत्री ने गुप्त वृंदावन धाम द्वारा समाज के वंचित वर्गों के लिए चलाए जा रहे विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि भूखे को भोजन कराना और समाज में नैतिक संस्कारों का बीजारोपण करना सबसे बड़ी मानव सेवा है।

Comments