Rajasthan News: प्रदेश में टीकाकरण पीछे रहे जिलें 30 सितम्बर तक कम से कम 80 प्रतिशत टीकाकरण करे —मिशन निदेशक एनएचएम
Rajasthan News: प्रदेश में टीकाकरण पीछे रहे जिलें 30 सितम्बर तक कम से कम 80 प्रतिशत टीकाकरण करे —मिशन निदेशक एनएचएम
छोटा अखबार।
मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम ने प्रदेश में बच्चों और बालिकाओं के टीकाकरण की समीक्षा करते हुए सभी जिलों में अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में टीकाकरण की प्रगति कम है, वहां विशेष ध्यान देकर पात्र बच्चों और बालिकाओं का टीकाकरण कराया जाए।
डॉ. जोगाराम ने कहा कि 30 सितम्बर तक कम से कम 80 प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा किया जाए। जिन जिलों में यह लक्ष्य पूरा नहीं होगा, वहां संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 31 अक्टूबर तक 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से छूटी हुई पात्र बालिकाओं की पहचान कर उनका रिकॉर्ड पीसीटीएस और यू-विन पोर्टल पर दर्ज किया जाए। जीएवीआई द्वारा चुने गए जिलों में अगले तीन दिन में तथा अन्य जिलों में अगले सात दिन में छूटी हुई पात्र बालिकाओं की एंट्री पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि केवल टीका लगाना ही नहीं, बल्कि उसकी ऑनलाइन एंट्री भी समय पर होना जरूरी है, ताकि हर लाभार्थी का सही रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। मिशन निदेशक ने सभी जिलों में एचपीवी और एमआर टीकाकरण की हर सप्ताह समीक्षा करने के निर्देश दिए। वहीं एमआर-1 और एमआर-2 टीकाकरण के बीच के अंतर को कम करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया है। यह अंतर 5 प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी यू-विन पर एंट्री अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए। डॉ. जोगाराम ने कम प्रगति वाले जिलों में राज्य स्तर से टीमें भेजकर स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां भी टीकाकरण की गति कम है, वहां कारणों की पहचान कर तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

Comments