C M NEWS: मुख्यमंत्री ने बेंगलुरु में उद्योगपतियों से किया संवाद, कहा राजस्थान में व्यवसाय अनुकूल माहौल
C M NEWS: मुख्यमंत्री ने बेंगलुरु में उद्योगपतियों से किया संवाद, कहा राजस्थान में व्यवसाय अनुकूल माहौल
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बेंगलुरु में आयोजित 'प्रवासी राजस्थानी संगम' और उच्चस्तरीय बैठकों के दौरान उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार द्वारा 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' को बढ़ावा देने के लिए लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में व्यवसाय अनुकूल माहौल तैयार किया गया है, जिससे मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और सर्विस सेक्टर में निवेश की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रदेश की मजबूत औद्योगिक नीतियों, बेहतर लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन की उपलब्धता को रेखांकित किया। सरकार का लक्ष्य राज्य की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2028-29 तक 350 बिलियन डॉलर तक पहुँचाना है, जो 'विकसित राजस्थान 2047' के विजन का हिस्सा है। इस दौरान निवेशकों ने राजस्थान में नई इकाइयां स्थापित करने और मौजूदा व्यवसायों के विस्तार में गहरी रुचि दिखाई।
मुख्यमंत्री ने बेंगलुरु में निवास कर रहे प्रवासी राजस्थानियों से 'कर्मभूमि से मातृभूमि' अभियान के तहत प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने प्रवासी उद्यमियों को 10 दिसंबर 2026 को जयपुर में आयोजित होने वाले 'प्रवासी राजस्थानी दिवस' समारोह के लिए आमंत्रित भी किया। वही उन्होंने बेंगलुरु में प्रवासी राजस्थानियों के लिए 'राजस्थान भवन' की स्थापना हेतु कर्नाटक सरकार से जमीन आवंटन का आग्रह किया है।
राजस्थान सरकार ने हाल ही में निवेश को गति देने के लिए नौ नई नीतियां और 'राजस्थान इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट पॉलिसी-2026' का अनावरण किया है। यह नीतियां 4G (Green, Governance, Growth, and Globalization) के स्तंभों पर आधारित हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि निवेशकों को किसी भी बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा और सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है।

Comments