RPSC News: आरपीएससी ने जारी किया साक्षात्कार कार्यक्रम, जुलाई माह में होगी परीक्षाएं
RPSC News: आरपीएससी ने जारी किया साक्षात्कार कार्यक्रम, जुलाई माह में होगी परीक्षाएं
छोटा अखबार।
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने कॉलेज शिक्षा विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न पदों के लिए बहुप्रतीक्षित साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी विस्तृत समय-सारणी के अनुसार, सभी प्रमुख पदों के साक्षात्कार जुलाई माह में आयोजित किए जाएंगे। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है।
![]() |
| AI Photo |
विषयवार इस प्रकार रहेगा साक्षात्कार का पूरा शेड्यूल—
जारी आधिकारिक कार्यक्रम के तहत कॉलेज शिक्षा विभाग की परीक्षा-2023 के अंतर्गत सहायक आचार्य – बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन के अंतिम चरण के साक्षात्कार 2 से 3 जुलाई तक चलेंगे। इसके तुरंत बाद, सहायक आचार्य – इतिहास के दसवें चरण के इंटरव्यू 6 से 17 जुलाई तक और सहायक आचार्य – संस्कृत के साक्षात्कार 6 से 16 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। इसी दौरान शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक (PTI) के अंतिम चरण के साक्षात्कार 6 से 10 जुलाई तक और पुस्तकालयाध्यक्ष (लाइब्रेरियन) पद के तृतीय चरण के इंटरव्यू 6 से 17 जुलाई तक संपन्न होंगे।चिकित्सा शिक्षा विभाग परीक्षा-2024 के तहत कॉर्डियोलॉजी (सुपर स्पेशियलिटी), रेस्पिरेटरी मेडिसिन/टीबी एंड चेस्ट (ब्रॉड स्पेशियलिटी) और नियोनेटोलॉजी (सुपर स्पेशियलिटी) के सहायक आचार्यों के साक्षात्कार के लिए 10 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई है।
दस्तावेजों में कमी रहने पर इंटरव्यू से किया जाएगा वंचित—
आयोग ने सख्त हिदायत दी है कि साक्षात्कार के दिन अभ्यर्थी अपने साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, स्पष्ट फोटोयुक्त मूल पहचान-पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी) और सभी शैक्षणिक व अनिवार्य मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी जरूर लाएं। निर्धारित दस्तावेज न होने पर साक्षात्कार से वंचित कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (इंटरव्यू लेटर) आधिकारिक वेबसाइट पर समय पर अपलोड कर दिए जाएंगे।

Comments