Rajasthan News: प्रदेश में लम्पी स्किन डिजीज के खिलाफ राज्य स्तरीय टीकाकरण अभियान का हुआ आगाज
Rajasthan News: प्रदेश में लम्पी स्किन डिजीज के खिलाफ राज्य स्तरीय टीकाकरण अभियान का हुआ आगाज
छोटा अखबार।
प्रदेश के गोवंश को जानलेवा संक्रामक रोग से सुरक्षित रखने के लिए राजस्थान सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। राजस्थान के पशुपालन, डेयरी एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने बुधवार को ब्यावर जिले के श्री तिजारती सर्राफान चैम्बर गौशाला से लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) के खिलाफ दो महीने तक चलने वाले 'राज्य स्तरीय टीकाकरण अभियान' के द्वितीय चरण का भव्य शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री कुमावत ने स्वयं गौशाला में मौजूद गोवंश को टीके लगवाकर इस राष्ट्रव्यापी मुहिम में अपनी भागीदारी दर्ज की। इस विशेष अभियान के पहले ही दिन पशुपालन विभाग की सक्रियता देखने को मिली। विभाग के 16 पशु चिकित्सा अधिकारियों, 38 पशुधन निरीक्षकों और 11 पशु परिचरों सहित 50 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम ने गौशाला में मुस्तैदी से काम किया। इस संयुक्त टीम ने परिसर में मौजूद कुल 773 गोवंशीय पशुओं का सफलतापूर्व टीकाकरण किया, जिसमें 272 नर और 501 मादा गोवंश शामिल हैं।
इस अवसर पर पशुपालकों को सम्बोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि लम्पी स्किन डिजीज एक अत्यंत घातक और संक्रामक वायरल बीमारी है, जिसने पूर्व में हमारे गोवंश को भारी क्षति पहुँचाई थी। पशुधन की रक्षा करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए लम्पी रोग से बचाव के लिए यह टीकाकरण अभियान बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार पशुपालकों के आर्थिक उन्नयन और पशुधन संरक्षण के लिए पूरी तरह समर्पित है।
उन्होने उपस्थित ग्रामीणों और पशुपालकों को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी से अपने नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र से संपर्क कर शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने की अपील की। पशुपालन विभाग के निदेशकों ने भी आश्वस्त किया कि सरकार की मंशा के अनुसार धरातल पर विभागीय लक्ष्यों को पूरा करने के लिए उनकी टीमें लगातार काम कर रही हैं।

Comments