Rajasthan News: जल संसाधन विभाग अगस्त माह से शुरू करेगा सिंचाई प्रबंधन के लिए एक अभिनव पहल
Rajasthan News: जल संसाधन विभाग अगस्त माह से शुरू करेगा सिंचाई प्रबंधन के लिए एक अभिनव पहल
छोटा अखबार।
राजस्थान में सिंचाई प्रबंधन को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए एक अभिनव पहल की शुरुआत की जा रही है। जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) अभय कुमार ने बताया कि राज्य में 'कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन (CRP) राउंड' के माध्यम से जल उपयोक्ता संगमों (WUA) के सशक्तीकरण को एक नई दिशा मिलेगी। इस पूरे ढांचे को 'राजीविका मॉडल' की तर्ज पर मजबूत किया जाएगा, जिससे ग्रामीण स्तर पर पानी के कुशल उपयोग को बढ़ावा मिल सके।
अगस्त से शुरू होंगे फील्ड राउंड—
जल संसाधन विभाग द्वारा आगामी अगस्त माह से 5 दिवसीय फील्ड राउंड शुरू किए जाएंगे। इन राउंड्स के दौरान अनुभवी कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन गांवों का दौरा करेंगे। वे स्थानीय किसानों को पानी की एक-एक बूंद का सही उपयोग करने के लिए अनुभव आधारित मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इससे न केवल सिंचाई व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि पारंपरिक कृषि पद्धतियों में भी सुधार आएगा।
सरकारी योजनाओं से सीधे जुड़ेंगे किसान—
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को केवल जल प्रबंधन तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना भी है। फील्ड राउंड के दौरान किसानों को निम्नलिखित योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा:
सामाजिक और वित्तीय सुरक्षा: सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना।महिला सशक्तीकरण: राजस्थान जल क्षेत्र आजीविका सुधार परियोजना (RWSLRP) के तहत 'लखपति दीदी' योजना।कृषि एवं उत्पादकता विकास: उद्यानिकी, खाद्य मूल्य श्रृंखला, कृषि और पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाएं।
आधुनिक कृषि तकनीकों पर रहेगा जोर—
किसानों की आय बढ़ाने और पानी की बचत के लिए उन्हें उन्नत कृषि उपकरणों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके तहत खेतों में ड्रिप सिस्टम (बूंद-बूंद सिंचाई), स्प्रिंकलर (फव्वारा पद्धति) और फार्म पॉण्ड (खेत तलाई) के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, पशुधन सुरक्षा के लिए पशु बीमा और उत्पादकता बढ़ाने वाली अन्य योजनाओं का लाभ भी मौके पर ही दिलाने का प्रयास किया जाएगा। यह कदम प्रदेश के कृषि और जल प्रबंधन क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।

Comments