Rajasthan News: 4 जुलाई को प्रधानमंत्री करेगें हाईटेक पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन
Rajasthan News: 4 जुलाई को प्रधानमंत्री करेगें हाईटेक पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन
छोटा अखबार।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान के बालोतरा स्थित पचपदरा आएंगे, जहां वे ₹79,459 करोड़ की लागत से बनी देश की पहली BS-VI हाईटेक पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ₹13,000 करोड़ से अधिक की लागत वाले जयपुर मेट्रो फेज-2 (प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला) का शिलान्यास भी करेंगे। इसके साथ ही वे प्रदेशभर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर राजस्थान को बड़ी सौगात देंगे।
रोजगार और जनभागीदारी का उत्सव—
इस भव्य समारोह के दौरान विभिन्न सरकारी नौकरियों में चयनित राज्य के युवाओं को प्रधानमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर इस प्रस्तावित यात्रा की उच्च स्तरीय तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि इस आयोजन को विकास, रोजगार और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाया जाए।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकारी सेवा का नियुक्ति पत्र पाना हर युवा के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य के सभी जिलों, ग्राम पंचायतों और जिला स्तर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर युवाओं और आमजन को इस मुख्य समारोह से वर्चुअल माध्यम से जोड़ा जाए।
सुरक्षा और पर्यावरण पर विशेष जोर—
मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा, कड़े प्रोटोकॉल और पुख्ता निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रिफाइनरी परिसर में सघन पौधारोपण अभियान चलाने और ऊर्जा दक्षता के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों के बैठने, पार्किंग, पेयजल और यातायात प्रबंधन के लिए भी चाक-चौबंद व्यवस्था करने को कहा गया है। यह दौरा राजस्थान के औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचे के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

Comments