Alwar News: चिकित्सा मंत्री का अलवर में औचक निरीक्षण: स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लापरवाही पर जताई नाराजगी
Alwar News: चिकित्सा मंत्री का अलवर में औचक निरीक्षण: स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लापरवाही पर जताई नाराजगी
छोटा अखबार।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने गुरुवार को अलवर जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण कर धरातलीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस औचक कार्रवाई से जिला अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
दौरे के दौरान मंत्री खींवसर ने राजीव गांधी सामान्य अस्पताल, जनाना अस्पताल और शिशु चिकित्सालय का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने सामान्य अस्पताल के रामाश्रय, सामान्य वार्ड, क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU), आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर का अवलोकन किया। इसके साथ ही जनाना व शिशु अस्पताल के लेबर रूम, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड और ऑपरेशन थियेटर की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने विशेष रूप से 'मदर मिल्क बैंक' का निरीक्षण कर वहां दूध के भंडारण (मिल्क स्टोरेज) की तकनीकों और सुरक्षा मानकों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मरीजों से लिया फीडबैक, व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश—
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा मंत्री ने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद किया। उन्होंने मरीजों से मिल रहे उपचार, निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल की सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि उपलब्ध संसाधनों का कुशलतम उपयोग करते हुए आपसी समन्वय से काम करें, ताकि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरूस्त रखा जा सके।
लापरवाही पर भड़के मंत्री—
जयपुर से अलवर आते समय मंत्री ने रामगढ़ उपखण्ड के बगड़मेव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और गोविंदगढ़ के बदौड़ामेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का भी औचक निरीक्षण किया। बगड़मेव पीएचसी पर तैनात पांच में से चार कर्मचारी बिना सूचना के अवकाश पर मिले, जबकि एकमात्र डॉक्टर भी अनुपस्थित था। इस घोर लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताते हुए मंत्री ने कहा कि "सरप्राइज विजिट का मकसद ही धरातल का सच जानना है"। उन्होंने अनुपस्थित स्टाफ के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और वहां तुरंत नए चिकित्सक की नियुक्ति के निर्देश दिए।

Comments