Sikar News: रींगस में भाजपा नेता का किया अपहरण तोड़े हाथ—पांव
Sikar News: रींगस में भाजपा नेता का किया अपहरण तोड़े हाथ—पांव
छोटा अखबार।
सीकर जिले के रींगस थाना इलाके में अपराधियों के बेखौफ होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार तड़के भाजपा नेता राजेंद्र बाजिया पर जानलेवा हमला कर उनके अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाशों ने न केवल उनके साथ बर्बरता की, बल्कि मारपीट कर उनके दोनों पैर भी तोड़ दिए।
फार्महाउस पर हमला और तोड़फोड़—
जानकारी के अनुसार, वारदात रविवार सुबह करीब 3:30 बजे बावड़ी गांव में हुई। पीड़ित राजेंद्र बाजिया ने बताया कि 8 से 10 हथियारबंद बदमाश दो गाड़ियों में सवार होकर उनके फार्महाउस पर पहुंचे थे। बदमाशों ने वहां जमकर उत्पात मचाया और तोड़फोड़ की। इस दौरान वहां मौजूद बाजिया के भांजे को बदमाशों ने एक कमरे में बंधक बना लिया। किसी तरह मौका पाकर भांजे ने फोन के जरिए राजेंद्र बाजिया को इस हमले की सूचना दी।
रास्ते में घेराबंदी और अपहरण—
सूचना मिलते ही राजेंद्र बाजिया तुरंत अपने फार्महाउस की ओर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में घात लगाए बैठे बदमाशों ने उनकी गाड़ी को आगे और पीछे से घेर लिया। बदमाश उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में डालकर सुनसान इलाके की ओर ले गए। वहां बदमाशों ने धारदार हथियारों और सरियों से उन पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में राजेंद्र बाजिया के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर आए हैं। वारदात के बाद बदमाश उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच और आक्रोश—
घटना के बाद घायल भाजपा नेता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस वारदात से स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। सूचना मिलने पर रींगस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए इलाके में नाकाबंदी करवाई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला पुरानी रंजिश का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Comments