C M NEWS: आधुनिक खेती और सहकारिता से समृद्ध बनेंगे गांव —मुख्यमंत्री
C M NEWS: आधुनिक खेती और सहकारिता से समृद्ध बनेंगे गांव —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को पुष्कर के कड़ैल ग्राम में आयोजित 'ग्राम विकास चौपाल' के दौरान किसानों और युवाओं के साथ सीधा संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए आधुनिक कृषि, डेयरी और सहकारिता के समन्वय पर विशेष जोर दिया।
परंपरागत खेती से आगे बढ़ें किसान—
चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय की मांग है कि किसान केवल परंपरागत खेती तक सीमित न रहें। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीकों और जैविक खेती (ऑर्गेनिक फार्मिंग) को अपनाएं, जिससे न केवल मिट्टी की उर्वरता बनी रहेगी, बल्कि किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि कृषि और डेयरी क्षेत्र की मजबूती ही गांवों को समृद्ध बनाएगी।
किसानों और पशुपालकों के लिए बड़ी घोषणाएं—
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों को 'सम्मान निधि' के जरिए आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। राज्य में गेहूं की खरीद पर 150 रुपये का अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है। पशुपालकों के हित में उन्होंने 'गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना' और 'मंगला पशु बीमा योजना' का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार पशुओं के इलाज के लिए मोबाइल यूनिट वैन की सुविधा भी दे रही है। साथ ही, दूध संकलन केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत पशुपालकों को 5 रुपये प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है।
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का आयोजन—
किसानों को नई तकनीक से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार आगामी 23 से 25 मई तक 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट' का आयोजन करने जा रही है। उन्होंने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए 'कर्मभूमि से मातृभूमि' अभियान की सराहना की, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संचयन के प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नए पैक्स (PACS) खुलने और सहकारिता के मजबूत होने से प्रदेश का किसान आत्मनिर्भर बनेगा।

Comments