C S NEWS:मुख्य सचिव ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की जरूरत के अनुसार भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने दिये निर्देश

C S NEWS:मुख्य सचिव ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की जरूरत के अनुसार भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने दिये निर्देश  


छोटा अखबार।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने प्रदेश के सभी चिकित्सा संस्थानों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और जरूरत का आकलन कर आवश्यकतानुसार भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों की संख्या और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के आधार पर डॉक्टरों की जरूरत की मैपिंग की जाए, ताकि जरूरत के अनुसार मानव संसाधन उपलब्ध कराया जा सके।

श्री श्रीनिवास सोमवार को स्वास्थ्य भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान और फॉलोअप, प्रसव सखी कार्यक्रम व नवजात शिशु देखभाल सेवाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने 6 सितम्बर से 17 सितम्बर तक प्रदेश में हुई मातृ मृत्युदर की अस्पतालवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अस्पताल प्रभारियों और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों से प्रत्येक मामले की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित फॉलोअप और प्रसव पूर्व जांच सेवाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी का परिणाम है कि अगस्त की तुलना में सितम्बर माह में मातृ मृत्यु के मामलों में कमी आई है। अगस्त माह में 73 मातृ मृत्यु हुई थी जबकि सितम्बर माह में घटकर 35 रही है।

मुख्य सचिव ने उदयपुर जिले में हुई मातृ मृत्यु को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के निदेशालय स्तर से टीम भेजकर वहां की व्यवस्थाओं और मामलों की विस्तृत समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान के साथ ही उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच और समय पर उपचार की सुविधा मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होने मेडिकल कॉलेजों में मॉड्यूलर ओटी के अपग्रेडेशन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अस्पताल में होने वाले ऑपरेशन के भार के अनुसार मॉड्यूलर ओटी की जरूरत तय की जाए। उन्होंने जहां अतिरिक्त मॉड्यूलर ओटी की आवश्यकता हो, वहां इसकी संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू करने तथा जरूरत पड़ने पर बजट के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रसूताओं की सुविधा के लिए शुरू किया गया प्रसव सखी कार्यक्रम महत्वपूर्ण पहल है। इसे अस्पतालों में और बेहतर तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रसूता के अस्पताल पहुंचने से लेकर प्रसव और प्रसव के बाद तक उसे जरूरी सहायता और सुविधाएं आसानी से मिलें, इसके लिए संबंधित स्टाफ के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। उन्होंने प्रसव सखी कार्यक्रम के तहत अस्पतालों में किए जा रहे समन्वय और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने मेडिकल कॉलेजों में संचालित नियोनेटल आईसीयू और जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में संचालित एसएनसीयू एवं एनआईसीयू की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन इकाइयों में जरूरी उपकरण, दवाइयां और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध रहे। गंभीर स्थिति वाले नवजात शिशुओं को समय पर बेहतर उपचार मिले और आवश्यकता होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की व्यवस्था भी प्रभावी हो।

Comments

Popular posts from this blog

सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग फेल, रुपयों में छपवानी पड़ रही है, बजट घोषणा की प्रेस विज्ञप्ती

देश में 10वीं बोर्ड खत्म, अब बोर्ड केवल 12वीं क्‍लास में

आज शाम 7 बजे व्यापारी करेंगे थाली और घंटी बजाकर सरकार का विरोध

रीको में 238 पदों की होगी सीधी भर्ती सरकार के आदेश जारी 

ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को मिलेगा रोजगार

फ़ार्मा कंपनियां डॉक्टरों को रिश्वत में लड़कियां उपलब्ध कराती हैं — प्रधानसेवक

मौलिक अधिकार नहीं है प्रमोशन में आरक्षण — सुप्रीम कोर्ट

10वीं और 12वीं की छात्राओं के लिऐ खुशखबरी, अब नहीं लगेगी फीस