Rajasthan News: जहाजपुर विधानसभा में पीएचईडी मंत्री ने किया विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण
Rajasthan News: जहाजपुर विधानसभा में पीएचईडी मंत्री ने किया विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण
छोटा अखबार।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने गुरुवार को भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में कई जनहितकारी विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने जहाजपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता कार्यालय व फल एवं सब्जी मंडी का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अधिशाषी अभियंता कार्यालय की स्थापना से क्षेत्र में सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों के संचालन में गति आएगी और आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। फल और सब्जी मंडी बनने से किसानों को अपनी उपज के विपणन के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं, उचित मूल्य एवं व्यापारिक अवसर उपलब्ध होंगे। पेयजल परियोजना के माध्यम से नगर क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
श्री चौधरी ने बोराणी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में नवनिर्मित चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का लोकार्पण किया । बोराणी से सहलादाता तक निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण, सरसिया में 2000 केएल क्षमता के उच्च जलाशय एवं पाइपलाइन निर्माण कार्य का लोकार्पण तथा पीपलून्द में डीएमएफटी मद से निर्मित पाइपलाइन कार्य का भी लोकार्पण किया ।
श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक अधोसंरचना के विकास और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक क्षेत्र समग्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।
जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि अधिशाषी अभियंता कार्यालय, फल और सब्जी मंडी, पेयजल, शिक्षा व सड़क से जुड़े कार्य क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से किसानों, विद्यार्थियों व आमजन को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा और जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

Comments