C M NEWS: मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा: केन्द्रिय मंत्रियों से विकास और सुरक्षा पर की विस्तृत चर्चा
C M NEWS: मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा: केन्द्रिय मंत्रियों से विकास और सुरक्षा पर की विस्तृत चर्चा
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली दौरे के दौरान केन्द्रीय मंत्रियों से महत्वपूर्ण शिष्टाचार मुलाकातें की हैं। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डाॅ. मनसुख मांडविया और केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंट कर प्रदेश के हित से जुड़े विभिन्न विकासात्मक और सुरक्षात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इन मुलाकातों में राजस्थान के समग्र विकास, खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर, रोजगार के अवसर और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार का खाका तैयार किया गया।
मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरन उन्होने प्रदेश में 'डबल इंजन सरकार' द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं और प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक यमुना जल समझौते के लिए श्री शाह का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस समझौते से राजस्थान के शेखावाटी और आसपास के जिलों में पानी की समस्या का स्थायी समाधान हुआ है और यह प्रदेश के कृषि परिदृश्य को बदलने में मील का पत्थर साबित होगा। सहकारिता मंत्री के रूप भी जिम्मेदारी संभाल रहे अमित शाह के साथ चर्चा में, मुख्यमंत्री ने राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता तंत्र को मजबूत करने और प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को आधुनिक बनाने पर बल दिया।
राजस्थान की अंतरराष्ट्रीय सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए, सीमावर्ती जिलों में बुनियादी ढांचे के विकास, सड़कों के निर्माण और नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने पर चर्चा हुई। आंतरिक सुरक्षा को चाक-चौबंद करने और सीमा पर तकनीकी निगरानी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नई रणनीति पर बातचीत की गई ताकि तस्करी और घुसपैठ जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
अगले चरण में मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डाॅ. मनसुख मांडविया से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य राजस्थान की युवा शक्ति को सही दिशा देना और ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल सुविधाओं को पहुंचाना रहा। मुख्यमंत्री ने राजस्थान के पारंपरिक और आधुनिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए केन्द्र सरकार से सहयोग मांगा। उन्होंने प्रदेश में नए खेल स्टेडियमों के निर्माण और मौजूदा इन्फ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करने का प्रस्ताव रखा ताकि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें।
प्रदेश के युवाओं को उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों के विस्तार पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें केन्द्रीय मंत्रालयों का मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण है।
राजस्थान में पर्यटन और औद्योगिक निवेश की अपार संभावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भी बेहद महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजस्थान के प्रमुख शहरों जैसे जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, और जैसलमेर को प्रमुख अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय हवाई नेटवर्क से जोड़ने पर बल दिया। इससे न केवल विदेशी पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा बल्कि स्थानीय व्यापार को भी गति मिलेगी।
राज्य के अन्य छोटे और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहरों में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार और क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत नई उड़ानें शुरू करने के प्रस्तावों पर विस्तृत विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने नए एयरपोर्ट्स के विकास और मौजूदा हवाई पट्टियों की सुरक्षा व आधुनिकीकरण के संबंध में केन्द्रीय मंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री इस दौरे को राजस्थान के विकास की गति को तेज करने के लिहाज से बेहद सफल माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि केन्द्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होने के कारण विकास परियोजनाओं की स्वीकृतियां और बजट आवंटन तेजी से हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मुलाकातों के बाद मीडिया को बताया कि केन्द्र सरकार का रुख राजस्थान के विकास को लेकर बेहद सकारात्मक है। गृह मंत्री अमित शाह ने आश्वासन दिया है कि सीमा सुरक्षा और सहकारिता क्षेत्र के विकास में फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। वहीं खेल और नागरिक उड्डयन मंत्रियों ने भी राज्य के प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री के इस सक्रिय रुख से यह साफ है कि राजस्थान सरकार कृषि, सुरक्षा, युवा कल्याण और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के मोर्चे पर एक व्यापक रोडमैप के साथ काम कर रही है, जिसका सीधा लाभ आने वाले समय में प्रदेश की जनता को मिलेगा।



Comments