BRICS NEWS: भजनलाल सरकार की बड़ी कूटनीतिक और औद्योगिक कामयाबी
BRICS NEWS: भजनलाल सरकार की बड़ी कूटनीतिक और औद्योगिक कामयाबी
छोटा अखबार।
राजधानी जयपुर में 6 और 7 अगस्त 2026 को ब्रिक्स देशों जिनमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका और नव-शामिल देश है, के उद्योग और व्यापार मंत्रियों का महासम्मेलन आयोजित हो रहा है। इस वैश्विक आयोजन के पहले दिन की शाम को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विदेशी मेहमानों के सम्मान में आयोजित एक विशेष सांस्कृतिक संध्या और रात्रिभोज में शिरकत की।
जयपुर का ऐतिहासिक रामबाग पैलेस इस भव्य आयोजन का गवाह बना, जहाँ कूटनीतिक रणनीतियों के साथ-साथ राजस्थान की अनूठी सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि ब्रिक्स जैसी वैश्विक महाशक्तियों के मंत्रियों की मेजबानी करना पूरे राजस्थान के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन से न केवल भारत बल्कि विशेष रूप से राजस्थान में बड़े पैमाने पर वैश्विक निवेश और अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक सहयोग को नई गति मिलेगी।
इस हाई-प्रोफाइल रात्रिभोज कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार के कई कद्दावर नेता और ब्रिक्स देशों के शीर्ष नीति-निर्माता शामिल हुए है। मंच पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
राज्य सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने भी कार्यक्रम में शामील रहे। राजस्थान के उद्योग मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यह सम्मेलन राजस्थान की औद्योगिक प्रगति, निवेश क्षमताओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करने का एक अमूल्य अवसर है।
रात्रिभोज के दौरान विदेशी राजनयिकों का स्वागत राजस्थान की सदियों पुरानी परंपरा 'अतिथि देवो भव:' और 'पधारो म्हारे देस' के लोकाचार के अनुसार किया और मेहमानों को तिलक लगाकर और पारंपरिक साफा पहनाकर सम्मानित भी किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से महमानों का दिल जीत लिया। रात्रि भोज में मेहमानों को भारत और विशेषकर राजस्थान के प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद परोसा गया, जिसकी सभी ने खुले दिल से सराहना की।
जयपुर में आयोजित हो रही ब्रिक्स मंत्रियों की इस बैठक में वैश्विक अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए कई बड़े और नीतिगत फैसले लिए जा रहे हैं।
ब्रिक्स देशों के छोटे और मध्यम उद्योगों को सहयोग देने के लिए एक विशेष सहयोग ढांचे को अंतिम रूप दिया गया।
सौर ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 'ब्रिक्स वर्किंग ग्रुप ऑन फोटोटैलेइक इंडस्ट्री' के वर्क प्लान को मंजूरी दी गई।
नवाचार और तकनीक आधारित विकास के लिए ब्रिक्स देशों के बीच स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने का एक्शन प्लान मंजूर किया गया।
परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए जीआईएस आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग और सिटी लॉजिस्टिक्स सिस्टम पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री इस बैठक को लेकर बेहद गंभीर हैं। जयपुर में इस कार्यक्रम में शामिल होने से ठीक पहले वे नई दिल्ली में थे, जहाँ उन्होंने देश के गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर राजस्थान के विकास कार्यों पर चर्चा की थी। विशेषज्ञों का मानना है कि ब्रिक्स देशों के इस सम्मेलन से राजस्थान को 'राइजिंग राजस्थान' ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के लिए एक बेहतरीन बेस तैयार करने में मदद मिलेगी। सौर ऊर्जा, हस्तशिल्प, खनिज, पर्यटन और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में राजस्थान विदेशी कंपनियों के लिए निवेश का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभर सकता है।
जयपुर में आयोजित यह ब्रिक्स सम्मेलन न केवल वैश्विक व्यापारिक रणनीतियों को आकार दे रहा है, बल्कि राजस्थान की कूटनीतिक और आर्थिक क्षमता को भी दुनिया के सामने मजबूती से रख रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विदेशी मेहमानों का यह सत्कार और सफल औद्योगिक चर्चाएं आने वाले समय में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और औद्योगिक क्रांति के नए रास्ते खोलेंगी।

Comments