News: साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर सुरक्षा तंत्र को किया जाए और मजबूत —डॉ.मिश्रा
News: साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर सुरक्षा तंत्र को किया जाए और मजबूत —डॉ.मिश्रा
छोटा अखबार।
देश में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों, इनकी सफलता और चुनौतियों से निपटने के लिए साइबर सुरक्षा व्यवस्था की प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. पी.के. मिश्रा ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। इस समीक्षा बैठक में सभी राज्यों के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा गृह एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
राजस्थान की ओर से शासन सचिवालय से मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बैठक में भाग लिया। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत, गृह विभाग के संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक क़ानून एवं व्यवस्था विजय कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
इस दौरान श्री मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी राज्यों में साइबर सुरक्षा तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी राज्यों में साइबर अपराधों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि आमजन को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से होने वाले नुकसान को न्यूनतम करने के लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जन-जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएं। नुक्कड़ नाटक आदि के माध्यम से महत्वपूर्ण स्थानों विशेषकर स्कूलों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध तकनीक आधारित चुनौती है, इसलिए इसके प्रभावी समाधान के लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों की क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए दीर्घकालिक और प्रभावी व्यवस्था विकसित की जा सके।
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने बैठक में जानकारी दी कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समन्वित कार्ययोजना बनाकर राजस्थान में साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में शीघ्र व प्रभावी प्रगति सुनिश्चित की जा रही है ताकि आमजन को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Comments