Udaipur News: उदयपुर में शहरी सेवा शिविर का मुख्यमंत्री ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Udaipur News: उदयपुर में शहरी सेवा शिविर का मुख्यमंत्री ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को उदयपुर का दौरा कर वहां आयोजित 'शहरी सेवा शिविर' का औचक निरीक्षण किया। उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) परिसर में लगाए गए इस विशेष शिविर में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और विभिन्न काउंटरों पर जाकर सरकारी कामकाज को देखा। इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद लाभार्थियों से सीधा संवाद कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और उनसे फीडबैक प्राप्त किया।
शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक सरकारी सेवाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में इन सेवा शिविरों को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य यही है कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और मौके पर ही त्वरित राहत सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि सरकार हर नागरिक को आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर काम कर रही है। इन शिविरों के माध्यम से पट्टा वितरण, नामांतरण (म्यूटेशन), जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने जैसे महत्वपूर्ण राजस्व और नागरिक सुविधाओं से जुड़े लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।
अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन जटिल मामलों में आवश्यक कानूनी जांच अथवा विभागीय प्रक्रिया के कारण मौके पर तुरंत फैसला नहीं हो पाता है, उनके निस्तारण के लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष 'फॉलोअप शिविरों' का भी आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस कदम से स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखा गया।

Comments