Rajasthan News: लोकतंत्र की लूट की बात वो कर रहे हैं जिनकी पूरी राजनीति ही बाड़ाबंदी पर टिकी है —गृह राज्य मंत्री
Rajasthan News: लोकतंत्र की लूट की बात वो कर रहे हैं जिनकी पूरी राजनीति ही बाड़ाबंदी पर टिकी है —गृह राज्य मंत्री
छोटा अखबार।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी के आरोपों का करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि गहलोत ने आधारहीन आरोप लगाए हैं, जबकि हमारे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुचिता के साथ कार्य करते हुए भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया है। बेढ़म ने गहलोत को याद दिलाया कि कैसे उनकी सरकार जब टूट रही थी तो उन्होंने बीटीपी के विधायकों को खरीद करके अपनी सरकार बचाने का काम किया। उनके कैबिनेट मंत्री महेश जोशी आज भी जल जीवन मिशन के घोटाले में जेल में बंद हैं। गहलोत के इर्द-गिर्द रहने वाले स्टाफ के लोग जेल में गए हैं। भजनलाल सरकार ने भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाओं पर जिस तरह की कार्रवाई की है, तो वे तिलमिला गए हैं।
मंत्री ने कहा कि गहलोत सरकार में 900 करोड़ से ज्यादा का घोटाला जल जीवन मिशन का हुआ, उसके अधिकारी आज भी जेल में बैठे हैं। पेपर लीक की घटनाओं के 400 से ज्यादा लोग आज भी जेल में बैठे हैं। लेकिन पता नहीं गहलोत कौन सी भाषा का प्रयोग करके मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर आरोप लगा रहे हैं। गहलोत को चिंतन करना चाहिए कि उनकी सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई थी। जबकि हमारे मुख्यमंत्री ने आपके कारनामों पर जब प्रहार शुरू किया है तो परतें खुली और लोग जेल जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गोविन्द सिंह डोटासरा जब शिक्षा मंत्री थे तब गहलोत ने अध्यापकों से पूछा था कि ट्रांसफरों में पैसा लिया जाता है क्या? सभी अध्यापकों ने खड़ा होकर के कहा था कि, हाँ लिया जाता है। गहलोत ने अपनी सरकार को बचाने के लिए विधायकों को बाड़ेबंदी में रखा। आज आप लोकतंत्र की लूट का आरोप लगा रहे हो। जबकि स्वैच्छा से लोग भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दे रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी के बोर्ड बन रहे हैं। कांग्रेस की आपस की लड़ाई और फूट जनता के बीच में उजागर होकर के आ गई है। लोग आपकी पार्टी को छोड़-छोड़ करके भाग रहे हैं। बेढ़म ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ईमानदार हैं, जिन्होंने शुचिता लाने के लिए भ्रष्टाचारियों को जेल में पहुँचाने का काम किया है। लोगों के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति देने में रिकॉर्ड कायम किया है। आप तो भ्रष्ट अधिकारियों को अभियोजन स्वीकृति तक नहीं देते थे। उन्होने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी का 2-2 करोड़ की खरीद-फरोख्त का आरोप पूरी तरह गलत, मिथ्या और बेबुनियाद है।
लोकतंत्र की लूट की बात वो कर रहे हैं जिनकी पूरी राजनीति ही बाड़ाबंदी पर टिकी है:
जनता जानती है कि 2020 में किस तरह पूरी कांग्रेस सरकार को जैसलमेर के होटल सूर्यगढ़ और जयपुर के फेयरमोंट में महीनों तक बाड़ाबंदी में रखा गया था। ये हॉर्स ट्रेडिंग नहीं तो क्या था? अपनी ही सरकार को अपने ही विधायकों से बचाने के लिए रिजॉर्ट पॉलिटिक्स करना कांग्रेस की संस्कृति रही है। भाजपा में ऐसा कभी नहीं होता।
भाजपा बोर्ड जनता के जनादेश से बन रहे हैं, नोटों से नहीं। कांग्रेस अपनी बाड़ाबंदी और हॉर्स ट्रेडिंग की संस्कृति को भाजपा पर थोपना बंद करे।
-गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम

Comments