Jaipur News: जयपुर के पुरोहित जी का कटला में लगी आग, 20 से अधिक दुकानें जलने के समाचार
Jaipur News: जयपुर के पुरोहित जी का कटला में लगी आग, 20 से अधिक दुकान जलने के समाचार
छोटा अखबार।
जयपुर के ऐतिहासिक परकोटा क्षेत्र में गुरुवार सुबह आग लगने मामला संज्ञान में आया है। जानकारी के अनुसार पुरोहित जी का कटला के मणिहारी कटला में सुबह करीब 7 बजे आग लग गई। आग के कारण कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर करीब 20 से अधिक दुकानें और गोदाम जलकर खाक हो गए। गनीमत यह रही कि हादसा सुबह के वक्त हुआ जब बाजार बंद था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन व्यापारियों को करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।
पुलिस के अनुसार आग की शुरुआत कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर स्थित कपड़ों की एक दुकान के बाहर रखे कार्टन से हुई। सुबह करीब 7 बजे जब चारों तरफ शांति थी, तब कार्टन में अचानक सुलगती चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते लपटों ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रभावित दुकानों में कपड़ों के बड़े गोदाम, प्लास्टिक का सामान और पारंपरिक चूड़ी-बैंगल्स की दुकानें शामिल थीं।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उनका काला और धुएं का गुबार सुभाष चौक से लेकर चांदपोल तक साफ तौर पर दिखाई दे रहा था। स्थानीय निवासियों और सुबह की सैर पर निकले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित माणक चौक थाना पुलिस ने जब आसमान में धुएं का गुबार उठता देखा, तो पुलिसकर्मी तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर पहुंचे और तत्काल दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 8 बजे दमकल की शुरुआती पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, परकोटा क्षेत्र की संकरी गलियां और कटले के तंग रास्ते दमकल वाहनों के लिए सबसे बड़ी बाधा साबित हुए। बड़ी गाड़ियों को घटना स्थल तक पहुंचाने में दमकलकर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। इसके अलावा, सुबह का समय होने के कारण दुकानों के शटर पूरी तरह बंद थे। दुकानें आपस में सटी होने और शटर बंद होने की वजह से पूरी दूसरी मंजिल में जहरीला धुआं भर गया, जिससे अंदर घुसना नामुमकिन हो गया।उस्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में आधा दर्जन के करीब अतिरिक्त दमकल वाहन, स्थानीय पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने बेहद सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद बंद शटरों को काटकर और दीवारों के सहारे आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान पूरे इलाके की बिजली काट दी गई ताकि कोई और बड़ा हादसा न हो। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Comments