C S NEWS: ड्रग माफिया के खिलाफ राज्य सरकार सख्त: कुख्यात तस्करों की संपत्ति होगी जब्त
C S NEWS: ड्रग माफिया के खिलाफ राज्य सरकार सख्त: कुख्यात तस्करों की संपत्ति होगी जब्त
छोटा अखबार।
राजस्थान सरकार ने राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए ड्रग माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का निर्णय लिया है। राज्य स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र की उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव ने तस्करी को रोकने के लिए एक कड़क और प्रभावी कार्ययोजना को मंजूरी दी है। सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य को पूरी तरह से नशामुक्त बनाना है।
माफियाओं की तैयार होगी सूची, जब्त होगी संपत्ति—
इस नई कार्ययोजना के तहत अब प्रदेश के हर जिले में ड्रग्स से जुड़े 10 प्रमुख मामलों और 5 सबसे कुख्यात ड्रग माफियाओं की एक विशेष सूची तैयार की जाएगी। चिन्हित किए गए इन अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ न केवल कानूनी कार्रवाई तेज होगी, बल्कि उनकी अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को भी जब्त किया जाएगा।
थानों में एक साथ चलेगा विशेष जब्ती नष्टीकरण अभियान—
मुख्य सचिव ने राज्य के सभी पुलिस थानों को एक साथ विशेष अभियान चलाकर पूर्व में जब्त की गई सभी ड्रग्स और मादक पदार्थों को तुरंत नष्ट करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इस कदम से थानों में मालखानों का बोझ कम होगा और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
त्वरित सुनवाई और सख्त पैरवी—
तस्करों के खिलाफ अदालतों में मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाएगी। ऐसे अपराधी जिन पर तीन या उससे अधिक मामले दर्ज हैं, उनके मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए त्वरित पैरवी की जाएगी। वर्ष 2026-29 की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस, आबकारी और स्वास्थ्य विभाग मिलकर इस ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करेंगे। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments