C M NEWS: इंडिया स्टोनमार्ट से प्रदेश के पत्थर उद्योग को मिलेगा वैश्विक मंच —मुख्यमंत्री
C M NEWS: इंडिया स्टोनमार्ट से प्रदेश के पत्थर उद्योग को मिलेगा वैश्विक मंच —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान का पत्थर उद्योग निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य सरकार इसे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार और विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य योजना बनाकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी इंडिया स्टोनमार्ट का आयोजन प्रदेश की स्टोन इंडस्ट्री को गति देने में अहम कड़ी साबित होगा। श्री शर्मा ने शनिवार को इंडिया स्टोनमार्ट-2026 (13वां संस्करण) की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विक्रेताओं को राजस्थान के पत्थर उद्योग की समृद्धता की पूरी जानकारी दी जाए। वहीं, उन्होंने स्टोनमार्ट में घरेलू और प्रवासी प्रतिभागिता को बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्टेट व कंट्री पेवेलियन की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टोनमार्ट में आयोजित होेने वाले जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल के जरिए प्रदेश के स्टोन व्यवसाय को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि बायर-सेलर मीट का आयोजन कार्य योजना के अनुसार किया जाए, जिससे प्रदेश के पत्थर उद्योग को निर्यात के नए अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने शिल्पग्राम आयोजन से संबंधित जानकारी भी ली।
उल्लेखनीय है कि फरवरी के प्रथम सप्ताह में आयोजित होेने वाले इंडिया स्टोनमार्ट-2026 में देश-विदेश के मार्बल, ग्रेनाइट, सेंड स्टोन, कोटा स्टोन, क्वार्ट्स स्टोन, स्लेट सहित विभिन्न स्टोन्स का प्रदर्शन होगा। साथ ही, स्टोन मशीनरी, उपकरण और भारी अर्थमूविंग मशीनों का प्रदर्शन किया जाएगा।

Comments