Jaipur News: शेयर बाजार का घाटा बना काल, राहुल झा ने पत्नी और 3 मासूम बेटियों की बेरहमी से की हत्या
Jaipur News: शेयर बाजार का घाटा बना काल, राहुल झा ने पत्नी और 3 मासूम बेटियों की बेरहमी से की हत्या
छोटा अखबार।
जयपुर के करधनी थाना इलाके में शुक्रवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। गोविंद वाटिका कॉलोनी में रहने वाले राहुल झा नाम के व्यक्ति ने शेयर बाजार में हुए भारी नुकसान और कर्ज के दलदल में फंसकर अपनी ही हंसती-खेलती दुनिया को तबाह कर दिया। राहुल ने अपनी पत्नी गीता और तीन मासूम बेटियों—नंदिनी, राधिका व गिरिशा की बेरहमी से हत्या कर दी। दिलदहला देने वाले सामूहिक हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और इस घटना ने पूरे जयपुर शहर को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी राहुल झा पिछले काफी समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसने शेयर बाजार में भारी रकम गंवा दी थी, जिसके कारण वह गहरे कर्ज में डूब चुका था। कर्ज चुकाने के लिए उसने कई लोगों से मोटी रकम उधार ले रखी थी, जिसे चुकाने का उस पर लगातार दबाव बना हुआ था।
जांच के दौरन पता चला है कि गोविंद वाटिका स्थित जिस मकान में यह परिवार रह रहा था, वह राहुल की पत्नी गीता के नाम पर पंजीकृत है। राहुल पिछले कुछ दिनों से इस मकान को बेचकर अपना कर्ज चुकाने की फिराक में था। वहीं पत्नी गीता इस फैसले के खिलाफ थी, क्योंकि वह अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित थी। पुलिस को आशंका है कि मकान बेचने और कर्ज के इसी मुद्दे को लेकर पिछले कई दिनों से पति-पत्नी के बीच गंभीर गृहक्लेश चल रहा था। शुक्रवार तड़के इसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया और राहुल ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।लोगों के अनुसार झा परिवार अमूमन शांत रहता था, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके घर में तनाव का माहौल देखा जा रहा था। किसी को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि राहुल आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव में आकर अपने ही खून का प्यासा बन जाएगा। मासूम बेटियों नंदिनी, राधिका और गिरिशा को क्या पता था कि जिस पिता की उंगली पकड़कर उन्होंने चलना सीखा, वही एक दिन उनकी जान ले लेगा।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राहुल झा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साइबर सेल की मदद से आरोपी के मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर कर्ज के जाल और मानसिक तनाव के कारण बिखरते परिवारों के गंभीर सामाजिक मुद्दे को उजागर किया है।

Comments