Jaipur News: जयपुर के रंगोली गार्डन्स से घरेलू पीएनजी कनेक्शन शुरू, जिला कलक्टर ने किया शुभारंभ
Jaipur News: जयपुर के रंगोली गार्डन्स से घरेलू पीएनजी कनेक्शन शुरू, जिला कलक्टर ने किया शुभारंभ
छोटा अखबार।
पश्चिम एशिया में जारी वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा आमजन तक सुरक्षित, निर्बाध और सुलभ ईंधन पहुंचाने के लिए पीएनजी नेटवर्क विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला कलक्टर संदेश नायक ने बुधवार शाम को रंगोली गार्डन्स सोसाइटी में प्रथम घरेलू पीएनजी कनेक्शन का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही सोसाइटी में पीएनजी गैस की आपूर्ति औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है।
सुरक्षित और किफायती विकल्प—
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर संदेश नायक ने रंगोली गार्डन्स सोसाइटी के निवासियों से संवाद किया। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराने की अपील की। कलक्टर ने पीएनजी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह गैस पारंपरिक तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक है। यह सीधे पाइपलाइन के माध्यम से चौबीसों घंटे उपलब्ध रहती है, जिससे सिलेंडर बदलने या बुक करने का झंझट पूरी तरह खत्म हो जाता है।
ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगा बल—
जिला कलक्टर ने आगे कहा कि पीएनजी न केवल उपभोक्ताओं के लिए आर्थिक रूप से किफायती है, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में घरेलू ईंधन के रूप में पीएनजी का बढ़ता उपयोग देश की विदेशी ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता को कम करेगा और भारत की आत्मनिर्भर ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के दौरान गैस कंपनी के अधिकारी, सोसाइटी की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। स्थानीय निवासियों ने सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए पीएनजी नेटवर्क विस्तार को आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे के लिए एक बड़ा कदम बताया।

Comments