Rajasthan News: भाजपा ने बागियों को दिया अल्टीमेटम और नियुक्तियों का लालच

Rajasthan News: भाजपा ने बागियों को दिया अल्टीमेटम और नियुक्तियों का लालच 


छोटा अखबार।

राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर हैं। टिकट वितरण के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में उभरे असंतोष और बगावत को दबाने के लिए पार्टी ने अब बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने चुनाव मैदान में निर्दलीय या बागी के रूप में उतरे कार्यकर्ताओं और नेताओं को दोटूक शब्दों में अंतिम चेतावनी दी है। राठौड़ ने सख्त लहजे में कहा कि पार्टी की पीठ में छुरा घोंपने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

प्रदेश में चुनावी दौरों के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बागियों को संभलने का आखिरी मौका दिया है। उन्होंने सभी नाराज और बागी प्रत्याशियों को सोमवार शाम तक का समय देते हुए कहा कि वे तुरंत भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में अपनी चुनावी अपील जारी कर दें और उनके समर्थन में मैदान में उतरें। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट केवल एक ही व्यक्ति को मिल सकता है, ऐसे में व्यक्तिगत नाराजगी के कारण संगठन को नुकसान पहुंचाना पूरी तरह गलत है। 

उन्होने नाराज कार्यकर्ताओं को साधने के लिए 'सॉफ्ट पावर' का भी इस्तेमाल किया है। बागियों को शांत करने के लिए उन्होंने राजनीतिक नियुक्तियों की उम्मीद जगाई है। राठौड़ ने कहा, "जो कार्यकर्ता पार्टी से नाराज हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, संगठन में उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा।" उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक विभिन्न बोर्डों, निगमों और समितियों में नियुक्तियां नहीं हुई हैं, लेकिन अब जल्द ही ये नियुक्तियां की जाएंगी। ऐसे में वफादार और अनुशासित कार्यकर्ताओं को इन पदों पर मौका देकर सम्मानित किया जाएगा। 

अपने बयानों में आक्रामकता लाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन को 'मां' का दर्जा दिया। उन्होंने भावुक और कड़े शब्दों में कहा कि यदि किसी ने मां (पार्टी) की पीठ में छुरा मारा तो यह गद्दारी होगी, जिसे भाजपा संगठन कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने अंदरूनी तौर पर नुकसान पहुंचाने वाले और भितरघात करने वाले नेताओं को सचेत करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान हर गतिविधि पर आलाकमान की पैनी नजर है।

इस बगावत को समय रहते दबाने के लिए भाजपा ने बूथ स्तर पर अपनी रणनीति मजबूत कर ली है। मदन राठौड़ ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और राजस्थान में कमल खिलाने का आह्वान किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यदि सोमवार शाम की समय सीमा बीतने के बाद भी बागी चुनावी मैदान से पीछे नहीं हटते हैं और अधिकृत प्रत्याशी का समर्थन नहीं करते हैं, तो उन्हें प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है। अब यह देखना यह है कि राठौड़ की इस चेतावनी और नियुक्तियों के वादे का बागियों पर कितना असर पड़ता है।

Comments

Popular posts from this blog

सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग फेल, रुपयों में छपवानी पड़ रही है, बजट घोषणा की प्रेस विज्ञप्ती

देश में 10वीं बोर्ड खत्म, अब बोर्ड केवल 12वीं क्‍लास में

आज शाम 7 बजे व्यापारी करेंगे थाली और घंटी बजाकर सरकार का विरोध

रीको में 238 पदों की होगी सीधी भर्ती सरकार के आदेश जारी 

ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को मिलेगा रोजगार

फ़ार्मा कंपनियां डॉक्टरों को रिश्वत में लड़कियां उपलब्ध कराती हैं — प्रधानसेवक

मौलिक अधिकार नहीं है प्रमोशन में आरक्षण — सुप्रीम कोर्ट

10वीं और 12वीं की छात्राओं के लिऐ खुशखबरी, अब नहीं लगेगी फीस