Udaipur News: निःशुल्क पंचकर्म एवं अग्निकर्म शिविर का समापन, मरीजों को दर्द से मिली राहत
Udaipur News: निःशुल्क पंचकर्म एवं अग्निकर्म शिविर का समापन, मरीजों को दर्द से मिली राहत
छोटा अखबार।
उदयपुर। आयुर्वेद विभाग, राजस्थान के तत्वावधान में आरोग्य समिति एवं राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय, सिंधी बाजार द्वारा आयोजित 48वें निःशुल्क विशाल पंचकर्म एवं विशेष अग्निकर्म चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन बड़ी संख्या में रोगियों ने पंचकर्म एवं अग्निकर्म चिकित्सा का लाभ लिया। उदयपुर के साथ ही राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़ तथा आसपास के क्षेत्रों से आए मरीजों ने उपचार प्राप्त कर आयुर्वेद चिकित्सा के प्रति विश्वास जताया।
शिविर में कमर दर्द, सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस, घुटनों का दर्द, गठिया, सायटिका, एवीएन, जोड़ों के दर्द, मांसपेशियों की जकड़न, माइग्रेन, अनिद्रा, मोटापा, कब्ज सहित विभिन्न वातजन्य एवं जीवनशैली संबंधी रोगों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परीक्षण कर पंचकर्म एवं आयुर्वेदिक उपचार प्रदान किया। आवश्यकता अनुसार अभ्यंग, स्वेदन, कटिबस्ति, ग्रीवाबस्ति, जानुबस्ति, शिरोधारा और बस्ति कर्म सहित विभिन्न पंचकर्म प्रक्रियाएं की गईं। विशेष अग्निकर्म चिकित्सा शिविर में डॉ. वीरेंद्र सिंह हाड़ा ने घुटनों, कमर, सर्वाइकल, सायटिका, टेनिस एल्बो, एड़ी के दर्द सहित अन्य रोगों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया, जिसके बाद कई मरीजों ने दर्द में राहत मिलने की जानकारी दी।
वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि बदलती जीवनशैली के कारण जोड़ों और मेरुदंड संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं तथा पंचकर्म और अग्निकर्म जैसी आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियां इन रोगों में प्रभावी साबित हो रही हैं। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आवश्यकता अनुसार आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ लेने की अपील की। शिविर में डॉ. शैलेंद्र शर्मा, डॉ. अंकिता सियाल, डॉ. संजय सोनी, डॉ. नितिन सेजू और डॉ. रितम्भरा ने उपचार एवं परामर्श सेवाएं दीं। वहीं शंकरलाल खराड़ी, इंदिरा डामोर, कंचन कुमार डामोर, कन्हैयालाल नागदा, वंदना शक्तावत, चंद्रेश परमार, अंजना बारोट, हेमंत पालीवाल, संगीता रेगर, त्रिलोचना अहारी, गजेन्द्र कुमार आमेटा, निर्भय सिंह भाटी और देवीलाल मेघवाल ने शिविर की व्यवस्थाओं एवं संचालन में सहयोग दिया।

Comments