Rajasthan News: नकली बीज प्रकरण में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, निदेशक सहित, एक गिरफ्तार
Rajasthan News: नकली बीज प्रकरण में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, निदेशक सहित, एक गिरफ्तार
छोटा अखबार।
राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने प्रदेश के किसानों की खाद्य सुरक्षा और हक पर डाका डालने वाले एक बड़े भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ किया है। ब्यूरो ने राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक (डायरेक्टर) जुगल किशोर और उनके सहयोगी गणपत को करोड़ों रुपए की रिश्वत के मामले में नामजद करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। यह पूरा मामला प्रदेश के किसानों को नकली और खराब बीज आपूर्ति करने के खेल से जुड़ा हुआ है।
राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप एसीबी ने यह कदम किसानों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के संकल्प के तहत उठाया है। हाल ही में सरकार ने खराब और अमानक बीजों के गोदामों पर छापेमारी कर उन्हें सील किया था। इसी कड़ी में श्री किरण कपाड़िया की कंपनी के 'गजराज ब्रांड' के मूंगफली बीजों पर भी कार्रवाई की गई थी। कंपनी के गोदाम को सील कर बीजों की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी और इनके सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे।इस कार्रवाई से घबराकर मामले को दबाने और सील गोदाम से खराब बीजों को वापस गुजरात ले जाने के लिए करोड़ों की डील तय हुई। राजस्थान राज्य बीज निगम के डायरेक्टर जुगल किशोर ने इस मामले को रफा-दफा करने के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपए की भारी-भरकम रिश्वत राशि प्राप्त की। वहीं, इस पूरे अवैध लेनदेन की व्यवस्था संभालने के एवज में गणपत नामक व्यक्ति द्वारा लगभग 60 लाख रुपए प्राप्त किए गए।
एसीबी के अनुसार, यह मामला सीधे तौर पर आमजन की खाद्य सुरक्षा और किसानों की आजीविका से जुड़ा है। आरोपियों ने चंद रुपयों के लालच में किसानों के भविष्य और फसल उत्पादकता को दांव पर लगा दिया। ब्यूरो अब इस मामले में शामिल अन्य कड़ियों और वित्तीय लेन-देन के दस्तावेजी सबूतों को खंगाल रही है, ताकि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।

Comments