Rajasthan News: राजस्थान आवासन मंडल की बड़ी सौगात: उदयपुर और जोधपुर में बनेंगे 504 नए फ्लैट्स
Rajasthan News: राजस्थान आवासन मंडल की बड़ी सौगात: उदयपुर और जोधपुर में बनेंगे 504 नए फ्लैट्स
छोटा अखबार।
राजस्थान आवासन मंडल प्रदेशवासियों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है। इसी कड़ी में बुधवार को मंडल मुख्यालय में राजस्थान आवासन मंडल की 255वीं बोर्ड बैठक और परियोजना समिति की 176वीं बैठक का आयोजन किया गया। नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और मंडल अध्यक्ष आलोक गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इन बैठकों में आवासीय विकास, आधारभूत संरचना विस्तार व जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
उदयपुर में एलआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैट्स को मंजूरी—
मंडल अध्यक्ष श्री गुप्ता ने बताया कि बोर्ड बैठक में उदयपुर की पानेरियों की मादड़ी आवासीय योजना के विकास को गति दी गई है। इसके तहत एलआईजी (LIG) श्रेणी के 144 (जी+3) फ्लैट्स के निर्माण कार्य हेतु 16.91 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) श्रेणी के 160 (जी+3) फ्लैट्स के निर्माण के लिए 14.82 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी दी गई है।
जोधपुर-बाड़मेर योजना के लिए भी बजट स्वीकृत—
बैठक में जोधपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बाड़मेर-लंगेरा आवासीय योजना के प्रस्तावों को भी हरी झंडी दिखाई गई। इस योजना में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 80 आवासों व अल्प आय वर्ग (LIG) के 120 आवासों के निर्माण कार्य के लिए 14.84 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।
आवासन मंडल द्वारा लिए गए इन फैसलों से प्रदेश के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का अपने घर का सपना साकार हो सकेगा। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आमजन को समय पर आवास उपलब्ध कराने के लिए मंडल अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Comments