C M NEWS: भिवाड़ी में प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर क्लस्टर का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
C M NEWS: भिवाड़ी में प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर क्लस्टर का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
छोटा अखबार।
राजस्थान को औद्योगिक क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भिवाड़ी में प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर क्लस्टर (एल्सीना इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से 34 एमएलडी एसटीपी और खैरथल-तिजारा के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में निवेश को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है। सरकार ने उद्योगों को गति देने के लिए दो साल में 35 नई नीतियां लागू की हैं। उन्होंने बताया कि रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) और यमुना जल समझौते का तेजी से क्रियान्वयन जारी है, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शामिल हुए। उन्होंने देश की बढ़ती आर्थिक ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग 6 गुना वृद्धि के साथ 13 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। आज मोबाइल देश से निर्यात होने वाली नंबर वन कमोडिटी बन चुका है, जिसमें राजस्थान की बड़ी भूमिका होगी।
केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने भिवाड़ी को एक प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस क्षेत्र में सेमीकंडक्टर्स और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग को तेजी से आगे बढ़ाएंगी। यह क्लस्टर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा और राज्य के राजस्व में भारी बढ़ोतरी करेगा। इस उद्घाटन से राजस्थान अब देश के इलेक्ट्रॉनिक्स और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग के नक्शे पर मजबूती से उभर आया है।

Comments