C M NEWS: राजीविका स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की होगी ब्रांडिंग —मुख्यमंत्री
C M NEWS: राजीविका स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की होगी ब्रांडिंग —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके आजीविका संवर्धन के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राजस्थान ग्रामीण आजीविका परिषद (राजीविका) की बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों (SHG) की मजबूती के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
उत्पादों की उपखंड और जिलेवार बनेगी सूची—
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की उपखंड और जिलेवार विस्तृत सूची तैयार की जाए। उन्होंने इन उत्पादों के विक्रय के लिए एक सुदृढ़ मार्केटिंग रणनीति और कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित वस्तुओं को उचित बाजार मिल सके।
क्वालिटी और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान-
श्री शर्मा ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं का आर्थिक विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता (Quality), आकर्षक पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री का मानना है कि यदि उत्पादों की पैकेजिंग और ब्रांडिंग विश्वस्तरीय होगी, तो उनकी मांग और बिक्री में स्वतः ही बढ़ोतरी होगी। उन्होंने इन उत्पादों को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के भी निर्देश दिए।
राजसखी कैंटीन और सरस का समन्वय——
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण नवाचार के निर्देश देते हुए कहा कि 'राजसखी कैंटीन' में सरस डेयरी के उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, स्थानीय स्तर पर संचालित अन्य उत्पाद इकाइयों से भी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जोड़ा जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि SHG समूह बाजार की मांग को समझते हुए दैनिक उपयोग की वस्तुओं के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करें। इस पहल से न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, बल्कि 'लखपति दीदी' जैसे अभियानों को भी संबल मिलेगा, जिससे प्रदेश की हजारों महिलाएं स्वावलंबी बन सकेंगी।

Comments