C M NEWS: आस्था धामों का कायाकल्प: सीएम भजनलाल शर्मा ने दिए विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश
C M NEWS: आस्था धामों का कायाकल्प: सीएम भजनलाल शर्मा ने दिए विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश के प्रमुख आस्था धामों और धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि चल रहे सभी विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। इसके साथ ही, नए प्रोजेक्ट्स के लिए निविदा (टेंडर) प्रक्रिया को भी जल्द से जल्द अंतिम रूप देने को कहा गया।मुख्यमंत्री ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि राज्य के धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने राजस्थान धरोहर प्राधिकरण और अजमेर विकास प्राधिकरण को आपसी समन्वय के साथ पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर, सरोवर परिक्रमा मार्ग और विभिन्न घाटों के विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने देवस्थान विभाग को जैसलमेर स्थित तनोट माता मंदिर से जुड़े विकास कार्यों के प्रथम चरण को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने यह भी कहा कि पूंछरी का लौठा में चल रहे विकास कार्यों की गति बढ़ाई जाए ताकि श्रद्धालुओं को जल्द राहत मिल सके।
आगामी धार्मिक आयोजनों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने डीग के जिला कलक्टर को गुरु पूर्णिमा मेले की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विश्राम स्थल, सुचारू बिजली, शुद्ध पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। बैठक में धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, मुख्य सचिव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Comments