Rajasthan News: प्रदेश में जल्द होगी भारत टैक्सी सेवा की औपचारिक शुरुआत
Rajasthan News: प्रदेश में जल्द होगी भारत टैक्सी सेवा की औपचारिक शुरुआत
छोटा अखबार।
राजस्थान में सहकारिता मॉडल पर आधारित देश की पहली अनोखी डिजिटल परिवहन सेवा 'भारत टैक्सी' की औपचारिक शुरुआत जल्द होने जा रही है। सहकारिता विभाग के शासन सचिव ने एक उच्च स्तरीय बैठक में इस महत्वाकांक्षी योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सारथी बनेंगे मुनाफे के असली मालिक—
शासन सचिव ने बताया कि निजी राइड-हेलिंग कंपनियों के एकाधिकार और शोषण को समाप्त करने के लिए 'भारत टैक्सी सेवा' को लॉन्च किया जा रहा है। इस सेवा की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर (सारथी) सिर्फ कर्मचारी या पार्टनर नहीं, बल्कि कंपनी के वास्तविक मालिक होंगे। कंपनी के कुल लाभांश का बड़ा हिस्सा सीधे सारथियों के बीच वितरित किया जाएगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
राइड का लक्ष्य पूरा करने पर मिलेगा गिफ्ट हैम्पर—
सारथियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग ने एक विशेष इंसेंटिव योजना तैयार की है। इसके तहत जो भी सारथी प्रतिदिन या साप्ताहिक आधार पर निर्धारित राइड्स का लक्ष्य पूरा करेंगे, उन्हें आकर्षक गिफ्ट हैम्पर और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इस पहल से चालकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को भी समय पर बेहतर सेवा मिल सकेगी।
ज्यादा से ज्यादा जुड़ाव से होगा महिला-पुरुष सशक्तिकरण—
शासन सचिव ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा सारथियों को जोड़कर उनका व्यापक स्तर पर सशक्तिकरण करना है। इसमें पुरुष चालकों के साथ-साथ महिलाओं के लिए 'सारथी दीदी' सुविधा को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इससे महिलाओं को सुरक्षित रोजगार के अवसर मिलेंगे और यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा।
यात्रियों के लिए पारदर्शी और एक समान किराया—
यह सेवा आम जनता के लिए भी बेहद राहत भरी होगी। निजी कंपनियों के विपरीत, 'भारत टैक्सी' में सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी। बारिश, अत्यधिक गर्मी या देर रात की यात्रा के दौरान भी किराया पूरी तरह पारदर्शी और एक समान रहेगा। हिडन चार्ज से मुक्ति मिलने के साथ-साथ यह हर मौसम में आमजन के लिए सबसे भरोसेमंद परिवहन माध्यम बनेगी।

Comments