C M NEWS: अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श विकसित भारत और राजस्थान की नींव —मुख्यमंत्री
C M NEWS: अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श विकसित भारत और राजस्थान की नींव —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श और मूल्य वर्तमान में विकसित भारत और विकसित राजस्थान की मजबूत नींव हैं। उनका पूरा जीवन हमें यह संदेश देता है कि एक शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त मातृशक्ति ही देश व समाज की प्रगति का असली आधार है।
मुख्यमंत्री रविवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर आयोजित प्रदेशस्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देवी होल्कर ने हमेशा सेवा और न्याय को अपने शासन का मुख्य आधार बनाया। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए काम करने के साथ-साथ देशभर में धार्मिक स्थलों का उद्धार कर भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को एक नई ऊर्जा दी।
धार्मिक पुनरुद्धार और प्रशासनिक कुशलता—
मुख्यमंत्री ने अहिल्याबाई होल्कर के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए बताया कि उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर सहित देश के अनेक प्रमुख तीर्थस्थलों का पुनरुद्धार कराया। इसके साथ ही राजस्थान के पवित्र तीर्थराज पुष्कर में भी सरोवर के घाटों का निर्माण करवाया। उन्होंने कहा कि देवी होल्कर न केवल अपनी धर्मपरायणता बल्कि अपनी बेहतरीन प्रशासनिक कुशलता और सैन्य नेतृत्व के लिए भी जानी जाती थीं। उन्होंने अपनी सेना में महिला सैन्य टुकड़ी का गठन करके अपनी दूरदर्शी सोच का परिचय दिया था।
महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी घोषणाएं—
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जोर देकर कहा कि बेटियों को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान करना ही लोकमाता अहिल्याबाई के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को बढ़ावा देने वाली कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
इस अवसर पर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणाएं भी कीं-
स्कूल ऑन व्हील्स: बजट में घुमन्तू व अर्द्धघुमन्तू समाज के बच्चों की शिक्षा के लिए 'स्कूल ऑन व्हील्स' योजना की शुरुआत की गई है।
छात्रावास के लिए भूमि: जयपुर में समाज के छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए छात्रावास निर्माण हेतु जल्द ही भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी।
देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौरमुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में वैसा ही सांस्कृतिक पुनर्जागरण हो रहा है जैसा लोकमाता अहिल्याबाई ने अपने समय में किया था। अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ धाम का पुनर्विकास, महाकाल लोक का निर्माण और सोमनाथ स्वाभिमान पर्व इसके प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। आज हमारा देश विकास और विरासत और आधुनिकता और आस्था को एक साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित एक विशेष पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

Comments