Rajasthan News: भाजपा हमेशा राजनीति से ऊपर उठकर 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करती है —प्रधानमंत्री
Rajasthan News: भाजपा हमेशा राजनीति से ऊपर उठकर 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करती है —प्रधानमंत्री
छोटा अखबार।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के बालोतरा जिले के पचपदरा में ₹1.06 लाख करोड़ की भव्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने राज्य के पुराने जल संकट पर विस्तार से बात की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का विशेष उल्लेख करते हुए भाजपा की एकजुटता और समन्वय का एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया।
प्रधानमंत्री ने राजस्थान की पुरानी जल समस्याओं का जिक्र करते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य की पानी से जुड़ी गंभीर परेशानियों को दूर करने के लिए कभी कोई ठोस या दूरदर्शी काम नहीं किया। इसके विपरीत, भाजपा हमेशा क्षेत्रवाद और बंटवारे की राजनीति से ऊपर उठकर 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करती है।
अपने भाषण में पुराने दिनों को याद करते हुए पीएम मोदी ने नर्मदा जल विवाद और उसके समाधान का एक प्रेरक उदाहरण साझा किया। उन्होंने कहा, "जब हम गुजरात में पानी पहुंचाने की योजना पर काम कर रहे थे और राजस्थान को पानी देने की बात आई, तो मुझे आज भी याद है कि देश के कई हिस्सों में राज्य पानी के लिए आपस में लड़ रहे थे। राजस्थान के लोगों को भी भारी संशय था कि गुजरात उन्हें नर्मदा का पानी देगा या नहीं।
"पीएम मोदी ने आगे कहा, "यह हमारा सौभाग्य था कि उस समय गुजरात में मैं मुख्यमंत्री था और राजस्थान में वसुंधरा राजे जी मुख्यमंत्री थीं। हम दोनों ने मिलकर बिना किसी विवाद, बिना किसी आंदोलन और बिना किसी लड़ाई के गुजरात से नर्मदा का पानी राजस्थान के साथ साझा कर दिया।" प्रधानमंत्री के इस बयान ने न केवल राजस्थान के विकास में वसुंधरा राजे के योगदान को सराहा, बल्कि राजनीतिक हलकों में पार्टी के भीतर मजबूत तालमेल और एकजुटता का एक सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया है।

Comments