Bhartpur News: भरतपुर में बदमाशों की गोली के शिकार बर्तन व्यवसायी ने जयपुर में तोड़ा दम
Bhartpur News: भरतपुर में बदमाशों की गोली के शिकार बर्तन व्यवसायी ने जयपुर में तोड़ा दम
छोटा अखबार।
भरतपुर जिले में शनिवार रात कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने सरेराह लूटपाट और फायरिंग की दो सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया। सेवर थाना क्षेत्र के गोलपुरा मोड़ पर हुई इस गंभीर वारदात में गोली लगने से घायल स्थानीय बर्तन व्यवसायी राजू शर्मा (52) ने रविवार को जयपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और आमजन में भारी आक्रोश है।
जमीन की डील के लिए लाए थे कैश—
मूल रूप से धानोता निवासी और वर्तमान में भरतपुर शहर के सुभाष नगर इलाके में रहने वाले राजू शर्मा पुत्र तेजराम शर्मा का बर्तनों का बड़ा कारोबार था। शनिवार रात वह अपनी एक परिचित महिला से जमीन खरीदने के लिए उत्तर प्रदेश के मथुरा से 5 लाख रुपये नकद उधार लेकर बाइक से भरतपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10:15 बजे सेवर थाना इलाके के गोलपुरा मोड़ पर पीछे से आए हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
बैग छीनने का विरोध करने पर मारी गोली—
बदमाशों ने व्यापारी से रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। जब राजू शर्मा ने इसका कड़ा विरोध किया, तो बेखौफ बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से व्यापारी लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जयपुर रैफर किया गया था। वहां रविवार को उन्होंने आखिरी सांस ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर नाकाबंदी कराई है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Comments