C M NEWS: प्रदेश में मुख्यमंत्री ने सौंपे आवंटन पत्र, 473 परिवारों को मिली खुशियों की चाबी
C M NEWS: प्रदेश में मुख्यमंत्री ने सौंपे आवंटन पत्र, 473 परिवारों को मिली खुशियों की चाबी
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार वंचित वर्गाें के प्रति संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। विमुक्त, घुमन्तू और अर्द्धघुमन्तू परिवार, जो समाज की आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं उनके आवास और शिक्षा सहित बुनियादी जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
मुख्यमंत्री गुरुवार को काॅन्स्टीट्यूशन क्लब में विमुक्त, घुमन्तू और अर्द्धघुमन्तू परिवारों को आवास-फ्लेट्स आवंटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जरूरतमदों और वंचितों को संबल प्रदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सामाजिक न्याय व समावेशी विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिससे अंतिम पायदान के व्यक्ति तक राहत पहुंच रही है।
उन्होंने विमुक्त, घुमन्तू और अर्द्धघुमन्तू परिवारों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों और युवाओं को पढ़ाएं, योग्य बनाएं और राष्ट्र निर्माण में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें और उन्होंने आमजन से जरूरतमदों व पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए तत्परता से कार्य करने की अपील की ताकि उनके जीवन में ज्योति फैल सके।
मुख्यमंत्री ने चिन्ह्ति लाभर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवंटन पत्र और चाबी सौंपते हुए कहा कि जयपुर में 473 परिवारों को आवास दिए गए हैं। जयसिंहपुरा खोर की आवासीय योजना में लाभार्थियों को एक बेडरूम-हॉल-किचन युक्त आवास मिला है। वहीं कोटा में 50 फ्लैट और जोधपुर में 80 भूखंड आवंटन के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पक्के घर का आवंटन पत्र लाभार्थी परिवारों के सम्मान, सुरक्षा, स्थायित्व और बेहतर भविष्य का अधिकार-पत्र है। राज्य सरकार हर जिले में आवश्यकता का आकलन कर पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की सूची में जोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहरी क्षेत्र में घुमन्तू, अर्द्धघुमन्तू, गाड़िया लोहार और कालबेलिया समुदाय के परिवारों को अब तक 838 भूखंड एवं 106 फ्लैट आवंटित किए हैं। मुख्यमंत्री घुमन्तू आवास योजना के अंतर्गत 303 परिवारों को लाभान्वित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास के साथ-साथ भूमि के अधिकार की दिशा में भी तेजी से काम किया है। इन समुदायों के परिवारों को कुल 22 हजार 790 पट्टे वितरित किए गए हैं। वहीं, ग्रामीण सेवा शिविरों में अतिरिक्त 15 हजार 412 पट्टे वितरित किए जा चुके हैं।
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश सर्वांगीण विकास की ओर तेजी से अग्रसर है। उनकी ‘सबका साथ-सबका विकास’ की मूल भावना के अनुरूप गरीब और जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से आवासहीन परिवारों के घर का सपना पूरा हो रहा है।

Comments