JJM News: चर्चित जल जीवन मिशन के मुख्य संदिग्ध संजय बड़ाया को एसीबी ने लिया हिरासत में
JJM News: चर्चित जल जीवन मिशन के मुख्य संदिग्ध संजय बड़ाया को एसीबी ने लिया हिरासत में
छोटा अखबार।
राजस्थान के चर्चित जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को एक बड़ी सफलता मिली है। एसीबी की टीम ने घोटाले के मुख्य संदिग्ध और बिचौलिए की भूमिका निभाने वाले संजय बड़ाया को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया है। बड़ाया थाईलैंड में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था, तभी उसे दबोच लिया गया।
लुकआउट नोटिस के आधार पर कार्रवाई—
संजय बड़ाया के खिलाफ एसओजी (SOG) ने पहले ही लुकआउट नोटिस जारी कर रखा था। जैसे ही उसने दिल्ली हवाई अड्डे पर कदम रखा, वहां मौजूद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे रोक लिया और राजस्थान एसीबी को सूचित किया। सूचना मिलते ही एसीबी की विशेष टीम उसे अपनी कस्टडी में लेकर जयपुर के लिए रवाना हो गई है।
उच्चाधिकारियों के सुपरविजन में ऑपरेशन—
यह पूरी कार्रवाई एसीबी के डीजी गोविंद गुप्ता और एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के सीधे निर्देशों पर की गई। गिरफ्तारी के लिए डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एक उच्च स्तरीय टीम गठित की गई थी, जिसमें एसपी महावीर प्रसाद शर्मा, एसपी भूपेंद्र सिंह और एसपी हिमांशु कुलदीप जैसे अनुभवी अधिकारी शामिल थे।
क्या है जेजेएम घोटाला?—
जल जीवन मिशन घोटाला राजस्थान के सबसे बड़े भ्रष्टाचार मामलों में से एक माना जा रहा है। इसमें फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर करोड़ों रुपये के टेंडर जारी करने और घटिया पाइप लाइनों के इस्तेमाल के गंभीर आरोप हैं। संजय बड़ाया पर आरोप है कि उसने तत्कालीन सरकार के रसूखदार नेताओं और विभाग के अधिकारियों के बीच कड़ी का काम किया और रिश्वत की राशि के लेन-देन में मुख्य भूमिका निभाई।
संजय बड़ाया की हिरासत के बाद प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान कई बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। एसीबी अब बड़ाया को जयपुर लाकर पूछताछ करेगी, जिससे घोटाले की परतों को खोलने और अन्य दोषियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

Comments