Rajasthan News: राजस्थान पुलिस की एक सप्ताह के विशेष अभियान में अपराधियों पर कसा शिकंजा
Rajasthan News: राजस्थान पुलिस की एक सप्ताह के विशेष अभियान में अपराधियों पर कसा शिकंजा
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत राजस्थान पुलिस द्वारा व्यापक और ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के मात्र एक सप्ताह के भीतर पुलिस ने अपराधियों की कमर तोड़ दी है।
अभियान के पहले सप्ताह में पुलिस ने राज्य भर में चिन्हित किए गए 1 हजार 715 हार्डकोर अपराधियों पर अपना शिकंजा कसा है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के कुशल निर्देशन में पूरी मुस्तैदी के साथ राज्य भर में कुल 529 विशेष कार्रवाइयां अंजाम दी गईं, जिसके परिणामस्वरूप 744 कुख्यात हार्डकोर अभियुक्तों को सलाखों के पीछे पहुँचाया जा चुका है।अपराधियों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस बेहद सख्त नजर आ रही है। इस विशेष अभियान के तहत अब तक साढ़े तीन लाख से अधिक वाहनों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई (एक्शन) की गई है, जिससे यातायात नियमों को तोड़ने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
इसके अतिरिक्त, डिजिटल युग में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड को रोकने के लिए साइबर अपराधियों पर भी पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। अभियान के दौरान कुल 1,245 साइबर अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, जिसमें से 258 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इन साइबर ठगों के कब्जे से 2.45 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि भी बरामद की है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की इस जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैद कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है, वहीं अपराधियों में खौफ का माहौल है।

Comments