Jaipur News: जेडीए देगा रियायती दरों पर 85 हजार छायादार और फलदार पौधे
Jaipur News: जेडीए देगा रियायती दरों पर 85 हजार छायादार और फलदार पौधे
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के "हरियालो राजस्थान" अभियान को सफल बनाने की दिशा में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा 29 जुलाई से आमजन को रियायती दरों पर पौधों का वितरण किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल जयपुर के निर्माण को नई गति मिलेगी। जयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि इस पहल में जनसाधारण के लिए 10 फीट ऊंचाई के 28,800 और 5 फीट ऊंचाई के 56,000 पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
![]() |
| AI Photo |
जेडीसी ने बताया कि जेडीए द्वारा आम नागरिकों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए जविप्रा ने " पे फॉर प्लान्ट" पोर्टल प्रारम्भ किया है। नागरिक इस पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन कर सकेंगे। आमजन अपनी आवश्यकतानुसार अधिकतम 2 बड़े पौधे (लगभग 10 फीट, 80 रुपये प्रति पौधा) एवं 3 छोटे पौधे (लगभग 5 फीट, 50 रुपये प्रति पौधा) चुन सकते हैं। जिसके बाद ऑनलाइन भुगतान कर पेमेंट रसीद प्राप्त कर सकेंगे। इस रसीद के साथ अपने निकटतम पौधा वितरण केंद्र पर जाकर और वहॉ ओटीपी सत्यापन के बाद अपने पौधे प्राप्त करेंगे। पौधों का वितरण जेडीए द्वारा निर्धारित 12 केंद्रों पर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक किया जाएगा।
इन 12 वितरण केन्द्रों से प्राप्त किए जा सकते हैं पौधे:
* जवाहर सर्किल
* निलय कुंज पार्क
* रामनिवास बाग
* नेहरू बालोद्यान
* सैन्ट्रल पार्क
* शिवाजी नगर पार्क (श्याम नगर थाने के पीछे)
* त्रिवेणी नगर सामुदायिक केन्द्र
* वुडलैण्ड पार्क
* वैशाली नर्सरी पार्क
* करधनी पार्क (कालवाड़ रोड)
* मरुधर नगर पार्क (चित्रकूट, अजमेर रोड)
* स्मृति वन (सीकर रोड, विद्याधर नगर)
इसके साथ ही जेडीए द्वारा इस वर्ष पौधा वितरण के साथ एक अभिनव पहल भी की जा रही है। पौधों की सर्वाइवल दर बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वितरण केंद्र पर वैज्ञानिक और तकनीकी विधि से पौधारोपण करने हेतु चरणबद्ध मार्गदर्शन उपलब्ध रहेगा। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को पौधारोपण की सही तकनीक की जानकारी मिलेगी, जिससे अधिकाधिक पौधों के जीवित रहने की संभावना बढ़ेगी और शहर में हरित आवरण का प्रभावी विस्तार हो सकेगा। पारंपरिक तरीके से पौधारोपण किए जाने पर कई बार पौधे उचित ढंग से स्थापित नहीं हो पाते, जिसके कारण उनके सूखने या नष्ट होने की आशंका रहती है। वैज्ञानिक पद्धति अपनाने से पौधों की बेहतर वृद्धि व संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा। वहीं रियायती दरों पर पौधों के वितरण के अतिरिक्त, जुलाई से नवम्बर तक की अवधि में विभिन्न राजकीय क्षेत्रों (जैसे पुलिस थाना, विद्यालय, चिकित्सालय और आवासीय योजनाएं) में मांग पत्र प्राप्त होने पर जेडीए द्वारा नि:शुल्क वृक्षारोपण का कार्य भी करवाया जाएगा।

Comments