Jaipur News: छात्रसंघ चुनाव बहाल करने के लिये सीजेपी ने दिया राजस्थान सरकार को तीन माह का अल्टीमेटम
Jaipur News: छात्रसंघ चुनाव बहाल करने के लिये सीजेपी ने दिया राजस्थान सरकार को तीन माह का अल्टीमेटम
छोटा अखबार।
राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और राजस्थानी भाषा का नियमित विभाग खोलने की मांग को लेकर जारी छात्र आंदोलन अब उग्र रूप लेता जा रहा है। पिछले छह दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों के इस आंदोलन को अब राष्ट्रीय स्तर पर भी समर्थन मिलना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे और आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात की।
विश्वविद्यालय परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए आशुतोष रांका ने छात्र आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन घोषित किया। उन्होंने राज्य सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के ढुलमुल रवैये पर तीखा प्रहार किया। रांका ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों और शिक्षकों के हितों से जुड़े इन गंभीर मुद्दों को अब केवल कोरे आश्वासनों के सहारे नहीं टाला जा सकता है। उन्होंने सरकार और विश्वविद्यालय प्रबंधन को मांगों पर ठोस निर्णय लेने के लिए तीन महीने का कड़ा अल्टीमेटम दिया है।सीजेपी प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि यदि इस तीन महीने की समय सीमा के भीतर राजस्थान विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया और मांगें पूरी नहीं हुईं, तो प्रशासन के खिलाफ एक बड़ा देशव्यापी आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से इस्तीफे की मांग करने की भी बात कही। इसके साथ ही परिसर में राजनीतिक माहौल उस समय और गरमा गया जब रांका ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पर सीधा निशाना साधा और उन्हें 'गुंडा' कहकर संबोधित किया। राष्ट्रीय स्तर से मिले इस समर्थन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन पर दबाव बेहद बढ़ गया है।

Comments