Rajasthan News: राज्य में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का उत्पादन बढ़ाने की कवायद शुरु
Rajasthan News: राज्य में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का उत्पादन बढ़ाने की कवायद शुरु
छोटा अखबार।
राजस्थान में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने अपनी कार्ययोजना पर काम तेज कर दिया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (माइंस एवं पेट्रोलियम) श्रीमती अपर्णा अरोरा ने मंगलवार को शासन सचिवालय में तेल और गैस क्षेत्र की प्रमुख उत्पादक कंपनियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में केयर्न वेदांता, ऑयल इंडिया, ओएनजीसी और फोकस एनर्जी जैसी दिग्गज संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव ने इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य के भीतर कच्चे तेल के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने सभी उत्पादक कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे देश और दुनिया में उपलब्ध नवीनतम और उन्नत तकनीकों का उपयोग कर तेल और गैस का एक्सप्लोरेशन (अन्वेषण) तथा दोहन बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि उत्पादन में सुधार के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाना बेहद जरूरी हो गया है।
श्रीमती अपर्णा अरोरा ने राजस्थान की मजबूत स्थिति को रेखांकित करते हुए बताया कि वर्तमान में भूमि पर (ऑनशोर) प्राकृतिक गैस उत्पादन के मामले में राजस्थान देश में दूसरे और कच्चे तेल के उत्पादन में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि एचआरआरएल राजस्थान रिफाइनरी में उत्पादन का कार्य शुरू हो चुका है। कुल 9 एमएमटीपी (मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष) की क्षमता वाली इस रिफाइनरी में राजस्थान के अपने कुओं से निकलने वाले 1.5 मिलियन टन कच्चे तेल का परिशोधन (रिफाइनिंग) किया जा सकेगा।
सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राजस्थान की धरती से निकलने वाले कच्चे तेल का शोधन राज्य की अपनी रिफाइनरी में ही हो। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार ने कंपनियों को उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए रोडमैप तैयार करने को कहा है।

Comments